पीएम मोदी ने अस्पताल में भर्ती सौरव गांगुली को फोन कर ली सेहत की जानकारी

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 03 जनवरी 2021, 8:36 PM (IST)

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को फोन कर उनके सेहत के बारे में जानकारी ली। सौरव गांगुली ने बताया कि अब वे बेहतर महसूस कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सौरव गांगुली से पहले उनकी पत्नी डोना गांगुली से फोन पर बात की थी। पीएमओ सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और सौरव गांगुली के बीच आज सुबह के समय बातचीत हुई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली शनिवार से अस्पताल में भर्ती हैं। वह घर में सुबह के समय वर्कआउट कर रहे थे। इस दौरान सीने में तेज दर्द होने पर उन्हें कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल ले जाया गया था। जहां पता चला कि उन्हें हल्का दिल का दौरा पड़ा था।

डॉक्टरों ने सौरव गांगुली की एंजियोप्लास्टी करने के बाद दिल की नसों में स्टेंट डाला। भर्ती होने के बाद से ही सौरव गांगुली का स्वास्थ्य में सुधार आया है। अस्पताल में भर्ती होने के दिन शनिवार को ही गृहमंत्री अमित शाह ने सौरव गांगुली की पत्नी डोना को फोन कर स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। इसके बाद अब आज रविवार को सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोना गांगुली से फोन पर पहले बात की और इसके बाद उन्होंने सौरव गांगुली से उनके सेहत के बारे में अपडेट लिया।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे