मोरक्को शुरू करेगा इजराइल के लिए सीधी उड़ानें

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 25 दिसम्बर 2020, 12:42 PM (IST)

रबात| मोरक्को और इजरायल के बीच 2 से 3 महीनों में सीधी उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसकी पुष्टि मंत्री ने एक बयान जारी कर की है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घोषणा मोरक्को के पर्यटन, हस्तशिल्प और एयर ट्रांसपोर्ट मंत्री नादिया फेताह अलाउई ने गुरुवार को की। 2 दिन पहले ही इजरायल का एक प्रतिनिधिमंडल दोनों देशों के बीच की पहली कमर्शियल फ्लाइट से मोरक्को की राजधानी रबात पहुंचा था।

मंत्री ने बताया कि मंगलवार को दोनों देशों ने सीधी उड़ानें शुरू करने के एक एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए हैं।

बता दें 10 दिसंबर को ही इजरायल और मोरक्को पूर्ण राजनयिक संबंधों के लिए सहमत हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर इसे मध्य पूर्व में शांति के लिए एक बड़ी सफलता बताया। साथ ही कहा कि वाशिंगटन पूरे पश्चिमी सहारा क्षेत्र में मोरक्को की संप्रभुता को मान्यता देता है।

ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार और दामाद जेरेड कुशनर ने पुष्टि की है कि मोरक्को और इजरायल रबात और तेल अवीव में संपर्क कार्यालय भी खोलेंगे।

मोरक्को चौथा अरब देश है जिसने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और सूडान के बाद हाल के महीनों में इजरायल को मान्यता दी है। दूसरी फिलिस्तीनी विद्रोह के बाद साल 2000 में मोरक्को ने इजरायल के साथ संबंध तोड़ दिए थे।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे