हत्या : जयपुर में घर में पड़ी थी मां की लाश, पिता मिले गायब

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 02 दिसम्बर 2020, 11:55 AM (IST)

जयपुर। मानसरोवर इलाके में स्थित एक मकान में मंगलवार देर रात घर पर एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। बेटे ने घर पहुंचकर मां की लाश देखी, पिता की तलाश की तो वह गायब मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि मृतका मधु शर्मा (52) पत्नी कैलाश शर्मा सुमेर नगर विस्तार मानसरोवर की रहने वाली थी। घटनाक्रम के मुताबिक, मंगलवार शाम को दंपति घर पर थे, जबकि परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। रात करीब साढ़े 9 बजे बेटा घर लौटा, तो मां मधु शर्मा मृतावस्था में कमरे में पड़ी थी और पिता कैलाश घर पर मौजूद नहीं मिले।

घर में महिला की लाश पड़े होने का पता चलने पर स्थानीय लोगों मे सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद एम्बूलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।

पिता पर हत्या का आरोप - पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि मधु शर्मा की हत्या गला दबाकर की गई है। बेटे सुप्रीम ने पिता कैलाश शर्मा के खिलाफ मधु शर्मा की हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। कैलाश शर्मा सीसीटीवी कैमरों का व्यवसाय करते है। मधु की हत्या के बाद से घर से लापता कैलाश शर्मा की पुलिस तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे