जानें, धनतेरस पर क्यों खरीदते है सोने और चांदी की चीजें

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 09 नवम्बर 2020, 2:54 PM (IST)

धातु के बर्तनों और रत्न-आभूषणों की खरीदारी के लिए शुभ-मुहूर्त माने जाने वाले धनतेरस पर देशभर में लोग सोने और चांदी की खरीदारी खूब करते हैं। इसके पीछे एक पौराणाकि कथा है कि सुख, समृद्धि और आरोग्य प्रदान करने वाले देवता और आयुर्विज्ञान के जनक भगवान धनवंतरि इसी दिन सोने का अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे।

पद्म पुराण के आख्यान के अनुसार, समुद्र मंथन के बाद भगवान धनवंतरि अमृत कलश लेकर कार्तिक कृष्ण पक्ष त्रयोदशी को प्रकट हुए थे। वह अमृत कलश सोने का था, जिसमें कई प्रकार के रत्न-जड़ित थे। यही कारण है कि सोने की खरीदारी के लिए इस तिथि को शुभ-मुहूर्त माना जाता है। ज्योतिषाचार्य प्रभाकर मिश्र ने बताया कि सोना के साथ-साथ लोग चांदी भी खरीदते हैं क्योंकि चांदी लक्ष्मी को पसंद है।

उन्होंने बताया कि सोना महंगा होने के कारण आमलोगों की क्षमता के बाहर था, इसलिए साधारण लोग सोने के बदले पीतल के बर्तन खरीदने लगे क्योंकि पीतल का भी रंग पीला होता है। इसके अलावा, तांबा और कांस्य के बर्तनों की भी खरीदारी की जाती है क्योंकि इन बर्तनों का इस्तेमाल लोग अपने रोजमर्रा की जिंदगी में करते हैं।

उन्होंने बताया कि पद्म पुराण की कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने धनवंतरि को आशीर्वाद दिया था कि सुख-समृद्धि और आरोग्य के लिए लोग धनतेरस पर उनकी पूजा करेंगे, इस पर उनके साथ भगवान के सामने प्रकट हुए यम (मृत्यु के देवता) ने भगवान विष्णु से वरदान मांगा, जिसके बाद भगवान ने कहा कि लोग यम के नाम से इस दिन यमदीप जलाएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे