बिहार चुनाव : BJP ने जारी किया घोषणापत्र, कोरोना वैक्सीन के मुफ्त टीकाकरण का वादा, देखें तस्वीरें

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 22 अक्टूबर 2020, 11:09 AM (IST)

पटना। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया है। बता दें कि बिहार में बीजेपी और जदयू इस बार मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं. 122 सीटों पर जदयू + हम और 121 सीटों पर बीजेपी + VIP के उम्मीदवार हैं।


बिहार में सबको मुफ्त में वैक्सीन मिल जाए : निर्मला ​सीतारमण

निर्मला ​सीतारमण ने मीडिया से प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, बिहार में 15 साल पहले जहां बजट 23,000 करोड़ था, वो अब दो लाख करोड़ हो गया है। राज्य की जीडीपी ग्रोथ 2005 तक जहां 3 फीसदी था, वो आज बढ़कर 11.3 फीसदी तक पहुंच गया है। जंगलराज के समय आपने देखा कि स्तर क्या है और जब प्रशासन जनता के लिए काम करता तो ये ही नतीजा होता है।


भारत में कम से कम 3 वैक्सीन उत्पादन की कगार पर आ गए हैं। अगर वैज्ञानिक बोलते हैं कि वैक्सीन ठीक है और उत्पादन कर सकते हैं तो हम बड़े स्तर पर उत्पादन के लिए तैयार हैं। देश में वैक्सीन का उत्पादन उस स्तर पर होगा जिससे​ बिहार में सबको मुफ्त में वैक्सीन मिल जाए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

घोषणा पत्र में पांच सूत्र, एक लक्ष्य और 1 संकल्प को स्थान देते हुए आत्मनिर्भर बिहार बनाने का संकल्प दोहराया गया है। घोषणा पत्र में कोरोना वैक्सीन का मफुत टीकाकरण का वादा भी किया गया है। बिहार के लिए भाजपा ने अपने विजन डाक्यूमेंट में 11 संकल्प किए हैं। इनमें सबसे पहला है कि अगर सत्ता में आए तो कोरोना वैक्सीन का मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा।

इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि देश के विकास के लिए बिहार का विकास आवश्यक है, इसके लिए राष्ट्रीय जनतािंत्रक गठबंधन (राजग) को इस चुनाव में जीतना जरूरी है। भाजपा के घोषणा पत्र में बिहार के 1000 नए किसान उत्पाद संघों को आपस में जोड़कर राज्य के विशेष उत्पाद जैसे मक्का, फल, चूड़ा, मखाना, पान, मसाला, शहद, मेथा औषधीय पौधों के सप्लाई चेन विकसित कर 10 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा किया गया है।

घोषणा पत्र में भाजपा कहा है, हमारा संकल्प है कि 10 हजार चिकित्सक, 50 हजार पारामेडिकलकर्मियों सहित राज्य में कुल एक लाख लोगों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के अवसर प्रदान करेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा दरभंगा एम्स का संचालन 2024 तक प्रारंभ किया जाएगा। घोषणा पत्र में गांव, शहर सबका विकास, आत्म निर्भर बिहार बनाने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा स्वस्थ समाज, आत्मनिर्भर बिहार और सशक्त कृषक, समृद्ध किसान का नारा दिया गया है।

चुनावी घोषणा पत्र के लोकार्पण समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल, बिहार चुनाव प्रभारी देवेन्द्र फडणवीस, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय व अश्विनी कुमार चौबे सहित राज्य के कई मंत्री उपस्थित रहे।