पुजारी ने जमीन हड़पने के लिए अपने ऊपर करवाया हमला, 7 धरे गए

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 18 अक्टूबर 2020, 12:37 PM (IST)

गोंडा (उत्तर प्रदेश)। यह खुलासा होने के बाद कि गोंडा में पुजारी सम्राट दास ने 10 अक्टूबर को खुद पर हमला करवाया था क्योंकि वह अमर सिंह को झूठे मामले में फंसाना चाहता था और उसकी 120 बीघा जमीन हड़पना चाहता था, गोंडा पुिलस ने मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

हमले को लेकर विपक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हमलावर रुख दिखाया था।

गोंडा पुलिस ने शनिवार को इटियाथोक थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिरेमनोरमा गांव के हरिद्वार सिंह बाग से मुन्ना सिंह, विपिन, नीरज सिंह, सोनू सिंह, महंत सीताराम, शिव शंकर सिंह और विनय कुमार को गिरफ्तार किया।

गोंडा के एसपी शैलेष पांडेय ने कहा कि सम्राट दास को कंधे पर गोली लगी है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने सोनू सिंह, महंत सीताराम, और मुन्ना सिंह के पास से देसी तमंचा जब्त किया है।

मुन्ना ने कथित तौर पर पुजारी पर गोली चलाई थी, जिसके बाद पुजारी ने दावा किया कि अमर सिंह ने मुकेश सिंह, भयहरण सिंह और दरोगा सिंह के साथ मिलकर उस पर हमला किया था, जब वह 10-11 अक्टूबर की रात मंदिर में सो रहा था।

गोंडा एसपी ने कहा कि दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद था।

अभियुक्त विनय कुमार यहां तक कि अमर सिंह के खिलाफ आगामी पंचायत चुनाव लड़ने की योजना बना रहा था।

पुलिस अधिकारी ने कहा, "इस प्रकार दोनों ने अमर सिंह को फंसाने की साजिश रची।"

पुलिस ने पुजारी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी और उसी दिन दरोगा और भयहरण को गिरफ्तार किया था। अब, वे रिहा कर दिए जाएंगे। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे