मैं गेंद को बल्ले के बीचोंबीच नहीं ले पा रहा था : धोनी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 03 अक्टूबर 2020, 12:48 PM (IST)

दुबई| चेन्नई सुपर किंग्स को शुक्रवार को आईपीएल-13 में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई को सात रनों से हरा दिया।

इस मैच में धोनी अंत तक खड़े रहे लेकिन नाबाद 47 रन बनाने के बाद भी टीम को जीत नहीं दिला पाए वो भी तब जब आखिरी ओवर एक युवा गेंदबाज अनुभवहीन अब्दुल समद के पास था। मैच के बाद धोनी ने कहा कि वह गेंद को बल्ले के बीचोंबीच नहीं ले पा रहे थे।

इस बीच धोनी को थकान के कारण काफी परेशान होते हुए भी देखा गया।

धोनी ने कहा, "मैं काफी गेंदों को बल्ले के बीचोंबीच नहीं ले पा रहा था, शायद गेंद को ज्यादा जोर से मारने की कोशिश कर रहा था। मैदान को देखते हुए यह दिमाग में चल रहा था।"

अपनी तबीयत को लेकर धोनी ने कहा, "मैं ठीक हूं। इस तरह की परिस्थितियों में गला सूखता है।"

चेन्नई ने सीजन की शुरुआत मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद वह लगातार तीन मैच हार गई है और यह 2014 के बाद से पहली बार हुआ है कि चेन्नई लगातार तीन मैच हारी है।

इस पर धोनी ने कहा, "काफी पहले हम लगातार तीन मैच हारे थे. हमें कैच पकड़ने होंगे, नो गेंद नहीं फेंकनी होंगी। कई बार हम ज्यादा ढीले हो जाते हैं। हमारे दो ओवर अच्छे गए लेकिन कुल मिलाकर हम कुछ और बेहतर कर सकते थे। कोई भी कैच छोड़ना नहीं चाहता, लेकिन इस स्तर पर आपको देखना होगा कि इस तरह के कैच लिए जाएं।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे