दुष्कर्म का शिकार युवती की मौत पर प्रियंका ने उठाई कड़ी सजा की मांग

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 29 सितम्बर 2020, 12:21 PM (IST)

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के हाथरस में दुष्कर्म का शिकार युवती का दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया है। इसको लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर हमला बोला और कहा कि यूपी में महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। उन्होंने इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग उठाई है। प्रियंका ने मंगलवार को ट्विटर के माध्यम से लिखा कि, यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुले आम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी, उप्र की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थित चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती दुष्कर्म का शिकार हो गयी थी। वहशियों की दरिंदगी की शिकार पीड़िता की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई। पीड़िता पिछले दो हफ्ते से अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थी। वहां हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे