दिल्ली में दरिंदगी की शिकार बच्ची का केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 07 अगस्त 2020, 6:25 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली में दरिंदगी की शिकार बच्ची के परिवार वालों से शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने भेंट की। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने परिवार के साथ इलाज कर रहे चिकित्सकों से भी बात की। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने की मांग की है ताकि बच्ची को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल सरकार से दस लाख की सहायता राशि को और बढ़ाने की मांग की है।

प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी नेता शुक्रवार को एम्स पहुंचे। दरिंदगी की शिकार 12 वर्षीय बालिका का एम्स में ही उपचार चल रहा है। यहां आदेश गुप्ता ने बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी डॉक्टरों से ली। परिवार के लोगों से घटना के बारे में बात की। बाद में मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "आज एम्स पहुंचकर दरिंदगी की शिकार हुई बच्ची के परिजनों से मुलाकात की और डॉक्टर से भी बात कर बच्ची की वर्तमान स्थिति के बारे में जाना। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मेरी मांग है कि 10 लाख की सहायता राशि को बढ़ाएं व केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए ताकि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।"

बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना, दिल्ली के पश्चिम विहार में बुधवार की शाम हुई थी। 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायलावस्था में लावारिस हालत में मिली थी। बच्ची के शरीर और प्राइवेट पार्ट्स में गहरे घाव से हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में दिल्ली महिला आयोग पुलिस से जवाब तलब कर चुकी है।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे