खिलाड़ियों ने अमिताभ के जल्द स्वस्थ होने की कामना की

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 12 जुलाई 2020, 6:14 PM (IST)

नई दिल्ली। कई खिलाड़ियों ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन के कोविड-19 पॉजिटिव आने पर उनके स्वस्थ होने की कामना की है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने लिखा है, "ख्याल रखिए अमित जी। आपके अच्छे स्वास्थ्य और जल्दी ठीक होने की कामना है।"

अमिताभ ने शनिवार रात को ट्विटर के माध्यम से कोविड-19 से संक्रमित होने की जानकारी दी थी।

हरभजन सिंह ने लिखा, "जल्दी ठीक हो जाइए सर।"

इन दोनों के अलावा भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज चेतन चौहान भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

आरपी. सिंह ने लिखा, "अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और चेतन चौहान के जल्द स्वास्थ होने की कामना करता हूं।"

मोहम्मद शमी ने लिखा, "इंशाअल्लाह आप लोग बहुत जल्दी ठीक होकर जल्दी घर वापस आ जाएंगे, हम और भारत का हर एक नागरिक आपके साथ है।"

भारत की महिला धावक हिमा दास ने लिखा, "आपके जल्द स्वास्थ होने की शुभकामनाएं हैं।"

अमिताभ इस समय नानावती अस्पताल में भर्ती हैं और उनके बेटे को भी इसी अस्पताल में रखा गया है। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे