ATS ने दुबे के खास गुर्गे गुड्डन और उसके ड्राइवर को दबोचा, कई बड़े नेताओं से कराई थी विकास की मुलाकात

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 11 जुलाई 2020, 4:24 PM (IST)

कानपुर। इनामी गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद भी पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। अब यूपी पुलिस ने उसके करीबियों को दबोचना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र एटीएस प्रमुख एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक ने उसके दो गुर्गों को ठाणे से गिरफ्तार किया है। ये दोनों कानपुर में पुलिसवालों की हत्या में शामिल थे। बता दें कि 10 जुलाई को विकास दुबे की कानपुर के पास एनकाउंटर में मौत हो गई थी।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरविंद उर्फ गुड्डन रामविलास त्रिवेदी और सुशिल कुमार उर्फ सोनू तिवारी के रूप में हुई है। गुड्डन त्रिवेदी के लिए कहा जाता है कि यह शख्स राजनीति में सक्रिय था और इसने विकास दुबे की कई बड़े नेताओं से मुलाकात करवाई थी।


विकास के गुर्गो को शरण देने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 2 गिरफ्तार

बता दें कि विकास दुबे और उसके गैंग को शरण देने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी है। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर बदमाशों को शरण देने का आरोप है। कानपुर पुलिस ने अपने जारी बयान में बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले ओम प्रकाश पांडे और अनिल पांडे को पकड़ा है। इन दोनों पर कानपुर एनकाउंटर के आरोपी शशिकांत पांडे और शिवम दुबे को शरण देने का आरोप है।

इन्होंने दोनों आरोपियों को अपने घर में छिपाया था। इन दोंनो के विरूद्घ विधिक कार्यवाही की जा रही है। इनके ऊपर आरोप है कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में दो-तीन जुलाई की रात पुलिस बल पर हमले के कई आरोपियों को इन लोगों ने अपने घर में शरण दी। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हैं।

कानपुर के चौबेपुर थाना की फोर्स ने इनको ग्वालियर से पकड़ा है। ओम प्रकाश पाण्डेय पुत्र छोटेलाल पाण्डेय तथा अनिल पाण्डेय पुत्र चंद्र प्रकाश पाण्डेय के खिलाफ कानपुर के चौबेपुर थाना में केस दर्ज किया गया है। गौरतलब हो कि उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किए गए विकास दुबे को शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे