गांगुली की विरासत को आगे ले गए धोनी : वकार

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 06 जुलाई 2020, 6:41 PM (IST)

नई दिल्ली । पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनिस ने महेंद्र सिंह धोनी को चैम्पियन बताया है और कहा है कि इस महान खिलाड़ी ने सौरव गांगुली की विरासत को शानदार तरीके से आगे बढ़ाया है। ट्विटर पर ग्लोफैंस के कार्यक्रम क्यू20 के दौरान बात करते हुए वकार ने कहा, "गांगुली वह कप्तान थे जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को सुधारने की शुरुआत की और धोनी इसे आगे ले गए। वह विश्व विजेता कप्तान हैं। उनके पास दो विश्व कप हैं। मुझे लगता है कि उन्होंने अपने लिए, अपने देश और अपने परिवार के लिए काफी कुछ किया है।"

गांगुली को भारत के महानतम कप्तानों में गिना जाता है। उनकी कप्तानी ने भारत को विजयी मानसिकता दी। भारतीय क्रिकेट में गांगुली के अतुलनीय योगदान को मानते हुए वकार ने कहा कि धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम का चेहरा हमेशा के लिए बदल दिया।

पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, "धोनी शानदार क्रिकेटर हैं। जिस तरह से उन्होंने टीम की कप्तानी की है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। वह शानदार इंसान हैं और एक छोटे से गांव से निकल कर आए हैं और काफी कुछ हासिल किया है।" (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे