पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकतार्ओं को दिया 'सेवन एस' मंत्र, बोले- हम चुनाव जीतने की मशीन नहीं

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 04 जुलाई 2020, 9:07 PM (IST)

नई दिल्ली,| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में संचालित हुए भाजपा के सेवा कार्यों की समीक्षा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को सफलता के सात मंत्र दिए। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि हम सिर्फ चुनाव जीतने की मशीन नहीं है, बल्कि हमारे लिए संगठन सेवा का माध्यम है। उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, असम, कर्नाटक और दिल्ली के प्रदेश अध्यक्षों ने इस दौरान राज्य इकाई के कार्यों की प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल के दौरान बीजेपी के सेवा कार्यों को मानव इतिहास का सबसे बड़ा सेवा यज्ञ बताया। उन्होंने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से समीक्षा के दौरान कहा, "हमारे लिए हमारा संगठन चुनाव जीतने की सिर्फ मशीन नहीं है। हमारे लिए हमारा संगठन का मतलब है 'सेवा'। हमारे लिए हमारे संगठन का मतलब है सबका साथ। हमारे लिए हमारे संगठन का मतलब है- 'सबका सुख, सबकी समृद्धि।"'

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "हम लोगों ने राजनीति में सत्ता को सेवा का माध्यम माना। हमने कभी भी सत्ता को अपने लाभ का माध्यम नहीं बनाया। नि:स्वार्थ सेवा ही हमारा संकल्प रहा है, हमारे संस्कार रहे हैं। जनसंघ और बीजेपी के जन्म का मूलत: उद्देश्य ही यही था कि हमारा देश सुखी कैसे बने, समृद्ध कैसे बने। इसी मूल प्रेरणा के साथ, भारतीयता की प्रेरणा के साथ, सेवा की भावना के साथ हम राजनीति में आए।"

उन्होंने कहा, "जिस पार्टी के इतने सांसद हों, हजारों विधायक हों, फिर भी वो पार्टी और उसका कार्यकर्ता सेवा को प्राथमिकता दे, सेवा को ही अपना जीवन मंत्र माने, भाजपा के कार्यकर्ता के नाते मुझे बहुत गर्व होता है कि हम सब ऐसे संगठन के सदस्य हैं।"

प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बहुत पहले इलाहाबाद अधिवेशन में दिए गए अपने भाषण की याद दिलाते हुए सभी को 'सेवन एस' की शक्ति लेकर आगे बढ़ने पर जोर दिया। उन्होंने 'सेवन एस' के बारे में कहा कि सेवा भाव, संतुलन, संयम, समन्वय, सकारात्मकता, सद्भभावा और संवाद का गुण हर कार्यकर्ता को अपनाना चाहिए। खुशी है कि इन दिनों कोरोना की लड़ाई मे भरपूर रूप से इसका प्रभाव दिखाई दिया है।

इस दौरान पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी के सेवा कार्यों के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को बताया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में करीब 4,000 वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हम 2.5 लाख कार्यकर्ताओं तक पहुंचे। वहीं 700 ऑडियो ब्रिज के माध्यम से करीब 70 लाख कार्यकतार्ओं को जोड़ा गया। कोरोना संकट में भाजपा कार्यकतार्ओं ने करीब 22 करोड़ फूड पैकेट जरूरतमंदों तक पहुंचाए और करीब 5 करोड़ राशन किट लोगों को बांटे। इसी तरह 5 करोड़ से ज्यादा फेस कवर बांटे गए। प्रधानमंत्री मोदी की इस वीडियो कांफ्रेंसिंग से बीजेपी मुख्यालय पर गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, जनरल वीके सिंह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, महामंत्री भूपेंद्र यादव, राम माधव, अरुण सिंह, अनिल जैन, डॉ. संजय मयूख आदि मौजूद रहे।

आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे