डीजल पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कई राज्यों में 'आप' का प्रदर्शन

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 01 जुलाई 2020, 4:25 PM (IST)

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी(आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतों के खिलाफ बुधवार को प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ताओं ने आईटीओ स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। दिल्ली के अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में भी यह विरोध प्रदर्शन किया गया। दिल्ली में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत गिरकर 40 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गई है। लेकिन मोदी सरकार कोरोना काल में मुश्किल हालात का सामना कर रहे उद्योगों और आम लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम नहीं कर रही है।"

राय ने कहा, "पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ पार्टी मुख्यालय दिल्ली में साथियों के द्वारा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दामों को वापस लेने की मांग की गई।"

प्रदर्शन में शामिल दिल्ली सरकार के एक और मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "पेट्रोल डीजल महंगा होने पर सामान ढोने वाली गाड़ियां अपना किराया बढ़ा देती है जिससे खाद्य सामग्री फल एवं सब्जियों के भी दाम बढ़ते हैं। कोरोना की वजह से जनता की कमर टूट गई है। एक तरफ तो रोजगार जा रहे हैं दूसरी तरफ केंद्र से राहत नहीं मिल रही। केंद्र को पिता की भूमिका निभाते हुए देश की जनता को राहत देनी चाहिए।"

वहीं पुलिस कार्रवाई पर बोलते हुए आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक ने कहा, "पूरे देश में पेट्रोल और डीजल के दामों की वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी साथियों को राजेन्द्र नगर पुलिस स्टेशन लाया गया है।"

आम आदमी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के अलावा मध्य प्रदेश के शिवपुरी, राजस्थान के जयपुर, झारखंड में हजारीबाग आदि स्थानों पर भी पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी के मुताबिक 10-15 साल पहले जब कच्चे तेल की कीमत 135 डॉलर प्रति बैरल थी तब भी पेट्रोल 70 रुपये लीटर मिल जाता था। अब कच्चे तेल की कीमतों में 100 डॉलर से अधिक की कमी आने के बावजूद हर दिन डीजल पेट्रोल के दाम बढ़ाए जा रहे हैं।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे