Delhi News : जे.पी. नड्डा बोले- भाजपा जल्द घोषित करेगी दिल्ली प्रदेश की नई टीम

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 08 जून 2020, 5:13 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का ध्यान अब प्रदेश संगठनों की नई टीम गठित करने पर है। उन्होंने दिल्ली में नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद प्रदेश इकाई के अन्य पदाधिकारियों की तलाश करने की जिम्मेदारी दो प्रमुख नेताओं को दी है। नड्डा ने राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया राहटकर को दिल्ली प्रदेश इकाई के नए सिरे से गठन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। नया प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने के बाद मनोज तिवारी के समय चुनी गई प्रदेश संगठन की टीम को बदला जाना है।

कुछ पदाधिकारियों को प्रमोशन मिलना है तो कुछ नए चेहरों को शामिल होना है। ऐसे में नड्डा ने प्रदेश इकाई के फिर से गठन के लिए राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया राहटकर को जिम्मेदारी सौंपी है। ये दोनों नेता दिल्ली में प्रदेश इकाई के लिए योग्य चेहरों की तलाश कर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा को देंगे, जिसके बाद दिल्ली प्रदेश इकाई की टीम घोषित होगी।

दिल्ली में प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश सचिव जैसे प्रमुख पदों पर नई नियुक्तियों पर सभी की निगाहें टिकीं हैं। पार्टी सूत्र बताते हैं कि कुछ पुराने पदाधिकारियों को विभिन्न पदों पर समायोजित किया जाएगा, वहीं कम से कम पचास प्रतिशत नए चेहरों को भी आदेश कुमार गुप्ता की टीम में जगह मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे