उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना को मिली राहत, कोविड रिपोर्ट आई निगेटिव

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 06 जून 2020, 5:55 PM (IST)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के लिए बड़ी राहत वाली खबर है। कई दिन से होम क्वारंटाइन मंत्री की कोरोना वायरस सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एसजीपीजीआई) से शनिवार की दोपहर में उनकी जांच रिपोर्ट आई, जो निगेटिव है।

मंत्री सुरेश खन्ना ने ट्वीट कर बताया कि आप सभी की शुभकामनाओं और स्नेह के लिए धन्यवाद। ईश्वर की कृपा से मैं पूरी तरह से स्वस्थ हूं। मेरी कोविड-19 जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। आपका यह स्नेह ही मुझे कर्तव्यपालन की असीम ऊर्जा प्रदान करता है।

मंत्री सुरेश कुमार खन्ना बीते सप्ताह सहारनपुर और मेरठ मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान वह मेरठ के कोविड वार्ड में जाने के साथ उन लोगों से भी मिले, जो इलाज कराने के बाद स्वस्थ होकर अपने घर जा रहे थे। उनके सहारनपुर तथा मेरठ से लौटने के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज में हुई जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

सुरेश कुमार खन्ना इसी के बाद से लखनऊ में होम क्वॉरंटाइन थे और उन्होंने अपने शुभचिंतकों को भी इसका संदेश जारी कर दिया था। मंत्री की फिर से कोरोना जांच के लिए शनिवार की सुबह नमूना लिया गया।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

मंत्री खन्ना लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर होम-क्वॉरंटाइन हैं। मंत्री बीते एक जून को मेरठ मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने गए थे। इस दौरान इमरजेंसी में जिन मरीजों से बात की थी, उनमें से एक रोगी की रिपोर्ट दूसरे ही दिन कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद मंत्री ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया था।

मंत्री का कहना है कि उन्होंने मास्क पहनकर और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कर दूर से ही मरीजों से बात की थी।

--आईएएनएस