आज का दिन आपके लिए रहेगा ऐसा, यहां देखें...

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 05 मई 2020, 05:09 AM (IST)

मेष:- आज कुछ विशेष काम करने का संकल्प लेंगे। परिस्थितियां इतनी अनुकूल नहीं हैं परन्तु फिर भी आपका परिश्रम बेकार नहीं जाएगा। व्यर्थ के विवाद में नहीं पड़ें क्योंकि उससे समस्याएं और उलझेंगी। किसी साधारण सी बात पर क्रोध आ सकता है जिस पर नियंत्रण करना आवश्यक है। प्रेम प्रसंगों में थोड़ा सावधानी बरतें। आज की यात्रा भी टाल दें क्योंकि यात्रा में कष्ट हो सकता है। नौकरी में दिन अच्छा जाएगा। व्यवसाय करने वालों के लिए दिन अच्छा है। भागीदारी में यदि कोई विवाद है तो आज शांत रहिए और कोई बात मन में है तो बाद में कहिए। दाम्पत्य जीवन में दिन अच्छा रहेगा और यह संभव है कि आप अपने प्रिय के लिए कुछ न कुछ उपहार लें या उन्हें कोई सरप्राइज दें।

वृषभ:- आज का दिन लाभ का रहेगा। कहीं न कहीं से कोई अर्थलाभ होगा परन्तु साथ ही साथ खर्च भी हो जाएगा। व्यवसाय में आज आप महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। यदि नौकरी करते हैं तब भी कोई महत्वपूर्ण कार्य करने को मिलेगा। आज सभी लोग आपसे प्रसन्न रहेंगे और आपकी लोकप्रियता बढ़ेगी। संतान की तरफ से थोड़ी सी चिंता हो सकती है। शत्रु कुछ न कुछ गतिविधियां करते रहेंगे परन्तु आप पर उसका असर नहीं आएगा। प्रेम प्रसंगों में थोड़ी सी सावधानी बरतें क्योंकि यह बात किसी को पसंद नहीं आ रही है। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, पाचनतंत्र या गैस से संबंधित समस्या हो सकती है। घर में थोड़ी सी कलह की सी स्थिति हो सकती है जिसे आप की वाणी का चातुर्य ही ठीक कर सकता है।

मिथुन:- आज सुबह से ही मन नहीं लगेगा। कहीं दूर चले जाने की इच्छा होगी। परिस्थितियों से पलायन कोई समाधान नहीं है। आप जो कार्य कर रहे हैं उसी में बने रहें और उसी में आगे सफलता मिलेगी। आजीविका क्षेत्रों में आज का दिन बहुत अच्छा जाएगा और जो काम आप चाहेंगे उसे समय पर सम्पादित कर पाएंगे। आज किसी यात्रा का कार्यक्रम बन सकता है परन्तु उसमें खर्चा बहुत होगा। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। प्रेम संबंधों में थोड़ी सी कड़वाहट हो सकती है। पिता से लाभ मिलेगा। यदि सरकारी लोगों से काम है तो वह भी बन सकता है। भाई-बहिनों से संबंध बहुत अच्छे रहेंगे बल्कि उनमें से किसी का समय अच्छा चल रहा है। व्यावसायिक वार्ताओं में सावधानी बरतें क्योंकि बनता हुआ कार्य बिगड़ सकता है।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

कर्क:- आज प्रात:काल से ही आर्थिक लाभ की आशा रहेगी। अवसर भी मिलेंगे और लाभ भी होगा। लगे हाथों खर्चों की योजना भी तैयार हो जाएगी। आज भाग्यशाली दिन है और एक से अधिक अवसर ऐसे होंगे जब आपको सफलता नजर आएगी। आज कोई ऐसा निर्णय ले सकते हैं जो साहसी प्रकृति का हो। कोई विवाद उभर कर सामने आ सकता है परन्तु आपको परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। प्रेम संबंधों में संयम बरतने की आवश्यकता है। बात उजागर होने का डर है। नौकरी या व्यवसाय में आज दिन अच्छा जाएगा और कोई पुराना अटका हुआ काम भी बन सकता है। भागीदारी में कोई चिंताजनक बात बनी रहेगी। माता-पिता के लिए समय अच्छा है। सरकारी लोगों से बनने वाले काम अब आसानी से बनेंगे। गरिष्ठ भोजन से बचने की कोशिश करें।

सिंह:- कामकाज को लेकर आपके मन में प्रसन्नता का भाव रहेगा परन्तु कुटुम्ब में कुछ अशांति हो सकती है। आपके निजी परिवार में फिर भी ठीक-ठीक स्थिति रहेगी। आज पूजा-पाठ में बहुत मन लगेगा। अचानक अप्रत्याशित लाभ हो सकता है। आज कोई यात्रा नहीं करें। या तो वाहन को या स्वयं को कोई कष्ट आ सकता है। आज खर्चा भी अनुपात से ज्यादा हो सकता है। संतान की तरफ से बहुत चिंतित रहेंगे। संतान को लेकर मन में तरह-तरह की आशंकाएं रहेंगी। माता के लिए थोड़ा चिंतित रहेंगे परन्तु चिंता जैसी कोई बात नहीं रहेगी। आज का दिन आपके माता-पिता के लिए अच्छा जाएगा। नौकरी या व्यवसाय के कारण से थोड़ा-बहुत दूर जाना पड़ सकता है परन्तु आप सावधानी बरत कर ही यात्रा करें।

कन्या:- आज कोई न कोई ऐसी बात होगी जिसके कारण मन में काफी क्रोध रहेगा। आप कितना ही संतुलित होने का प्रयास करें बात सतह पर आ जाएगी या आपके ऊपर कोई आक्षेप भी आ सकता है। बड़े भाई-बहिनों के लिए समय शुभ है और आपके मन में उनके प्रति बहुत सम्मान की भावना रहेगी। दूर की यात्राएं होना संभव है। दाम्पत्य जीवन में समय थोड़ा ठीक है। आपके ऊपर कोई नई जिम्मेदारी आने वाली है। माता-पिता और आपके बीच में एक अदृश्य सा तनाव रहेगा जो शाम तक मुश्किल से ठीक हो पाएगा। स्वास्थ्य के मामले में लापरवाही नहीं बरतें और जितना भीड़-भाड़ से बचेंगे उतना ही अच्छा रहेगा। पाचनतंत्र के विकार या पित्त विकार परेशान करेंगे।


तुला:- आज लाभ व हानि बराबर सी चलेंगी। आपका प्रभुत्व बढ़ेगा, लोग आपका कहना मानेंगे परन्तु शत्रु अपना सिर उठाएंगे। ऋण लेने की प्रबल इच्छा आज पूरी हो सकती है। कोई ऐसा कार्य करना पड़ सकता है जो कानून सम्मत नहीं हो। पति-पत्नी के बीच सामान्य सी कलह रहेगी। आज मन में अपार उत्साह रहेगा, कोई नया काम हाथ में ले सकते हैं। कार्य पद्धति में बहुत सुधार करेंगे। सरकारी लोगों से आज बहुत आसानी से काम बन जाएंगे। पिता आपके प्रति अच्छा रुख बनाए रखेंगे। आप जितना अधिक प्रपंच में उलझेंगे उतना ही अधिक आपको नुकसान होगा। एक तरफ आज आपकी प्रसिद्धि होगी और दूसरी तरफ किसी विवाद में भी फंस सकते हैं।

वृश्चिक:- आज आर्थिक लाभ के प्रबल अवसर हैं। औसत से अधिक आय हो सकती है। आज कार्य पद्धति में भी बहुत सुधार होगा। किसी की सलाह या मार्गदर्शन आपके लिए लाभदायक सिद्ध होगा। नौकरी में हैं तो बॉस प्रसन्न रहेंगे और आप व्यवसाय करते हैं तो वे सब प्रसन्न रहेंगे जिनसे आपका व्यवसाय है। संतान के लिए भी आज अच्छा दिन है। उनकी कार्यप्रणाली से यद्यपि आप प्रसन्न नहीं रहेंगे फिर भी थोड़ी बहुत तसल्ली तो रहेगी। पेट के रोगों से परेशान रह सकते हैं। घर में छोटी-मोटी बात को लेकर तनाव रहेगा। आज वाहन सुविधा बढ़ेगी। आप यदि चाहें तो कोई व्यावसायिक यात्रा कर सकते हैं। आज जिस काम के लिए जाएंगे, वह सफल हो जाएगा।

धनु:- जिस काम को करने जा रहे हैं उसको लेकर मन में अपार संशय रहेंगे। हो सकता है आप अपनी योजना में संशोधन कर दें। एक बार किसी काम में जुट गए तो सफलता मिलना निश्चित है। कार्य पद्धति में सुधार करेंगे। अपने काम के सिलसिले में किसी विशेषज्ञ की मदद ले सकते हैं। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। गिरने से या कहीं से फिसलने से बचें क्योंकि चोट लगने का डर है। व्यक्तिगत संबंधों में आज थोड़ा कठिनाई रहेगी और कहासुनी भी हो सकती है। यदि विवाहित हैं तो भी घर में कलह का वातावरण हो सकता है। माता-पिता के लिए समय अच्छा है। जन्म स्थान से दूर रहते हैं तो आज पास जाने का अवसर है। कोई ऐसा कार्य करेंगे जिससे प्रसिद्धि मिलेगी।


मकर:- समय लाभदायक बना हुआ है और जैसा सोच रहे हैं उसी ढंग से आपके काम बनेंगे। किसी कार्य को योजनाबद्ध ढंग से नहीं कर पा रहे हैं परन्तु फिर भी धीरे-धीरे कई बातें ठीक हो जाएंगी। किसी एक काम में उपलब्धि अनुपात से कम होने पर मलाल आपको रहेगा। आज कोई व्यक्ति शत्रुतापूर्ण कार्य करेगा परन्तु उसको स्वयं को ही नुकसान होगा। घर में कलह होना संभव है परन्तु शीघ्र ही समझौता भी हो जाएगा। किसी ऐसे काम की योजना बना सकते हैं जिसके परिणाम बहुत दूरगामी सिद्ध होंगे। साझेदारी के कामों में बहुत सावधानी से चलें, कोई जरासी बात स्वाभिमान का प्रश्न बन सकती है। वायु विकार परेशान करेंगे। अच्छा रहेगा यदि प्राकृतिक रेशे वाले भोजन पर अधिक ध्यान दें।

कुंभ:- कई दिनों से जिस काम की योजना आप बना रहे थे आज पूरी हो सकती है। नौकरी या व्यवसाय में आप थोड़ा सा परेशान रहेंगे क्योंकि आपके साथ न्याय नहीं हो रहा। आप जहां हैं वहां से अलग हो जाने की बातें मन में आएंगी। आज एक तरफ तो आपको बहुत क्रोध आएगा दूसरी तरफ रक्त विकार से भी परेशान रहेंगे। शत्रु परास्त होंगे, मामा पक्ष से नजदीकी नहीं हो पाएगी। संतान को आज कष्ट होगा और संतान अपनी आर्थिक समस्याओं को हल नहीं कर पा रही है।

मीन:- आज एक तरफ तो आप घरेलू समस्याओं से परेशान रहेंगे और छोटी-छोटी सी कई बातें कलह का कारण बनेंगी। घर से बाहर आपकी प्रतिष्ठा रहेगी और आप अपनी प्रभावी भूमिका में बने रहेंगे। आज विद्वानों से या उम्र से बड़े लोगों से मुलाकात होगी। संतान की तरफ से थोड़ा सा चिंतित रहेंगे। संतान किसी बात को लेकर हल्का सा विरोध प्रकट करेगी। ऐसा कोई कार्य हो सकता है जिसमें आपको बदनामी मिले। जीवनसाथी से संबंध अच्छे रहेंगे परन्तु उनके स्वास्थ्य संबंधी चिंता बनी रहेगी। सरकारी लोगों के आक्षेप आप साधारण ढंग से ही लेंगे परन्तु फिर भी किसी कर्मचारी से सावधान रहने की आवश्यकता है। गरिष्ठ भोजन वजन बढ़ा सकता है, इसका आप ध्यान रखें।