बॉयज लॉकर रूम' विवाद :कमसिन लड़कियों की तस्वीरों के साथ करते थे छेड़छाड़

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 04 मई 2020, 8:16 PM (IST)

नई दिल्ली, | इंस्टाग्राम चैट ग्रुप 'बॉयज लॉकर रूम' के खिलाफ सोमवार को जांच शुरू करने वाली दिल्ली पुलिस ने फोटो शेयरिंग एप से उक्त समूह में शामिल सभी लोगों के विवरण साझा करने को कहा है, जहां कमसिन लड़कियों की तस्वीरें साझा की जा रही थीं और ऑब्जेक्टिफाइड किया जा रहा था। साइबर अपराध के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनीश रॉय ने फोन पर आईएएनएस को बताया, "हमने इंस्टाग्राम से उक्त समूह के सदस्यों और एडमिन का विवरण साझा करने के लिए कहा है, जिसमें उनके नाम, आईपी एड्रेस आदि शामिल हैं।"

प्राइवेट इंस्टाग्राम चैट समूह के लीक स्क्रीनशॉट ने भारत में दुष्कर्म संस्कृति को तूल दे दिया है। इसमें कई लड़कों को कथित तौर पर कम उम्र की लड़कियों की तस्वीरें साझा करते हुए, उन्हें आपत्तिजनक बनाते और 'सामूहिक दुष्कर्म' की योजना बनाते हुए देखा गया।

इससे पहले, दिल्ली पुलिस के साइबर अपराध सेल ने मामले की जांच शुरू की और विवाद से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट का विश्लेषण करना शुरू किया।

दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट साझा करने, उक्त समूह और कई समान समूहों को उजागर करने के बाद यह घटना सामने आई।

उसने लिखा, "दक्षिण दिल्ली के 17-18 साल की उम्र के लड़कों का एक ग्रुप है, जिसका नाम 'बॉयज लॉकर रूम' है, जहां कमसिन लड़कियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया जा रहा था। मेरे स्कूल के दो लड़के इसका हिस्सा हैं।"

लड़की ने समूह में शामिल लड़कों की सूची और उनके चैट के स्क्रीनशॉट को भी साझा किया, जहां उन्हें लड़कियों की तस्वीरें साझा करते हुए और उन पर टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है।

इस मामले को लेकर दिल्ली महिला आयोग भी एक्शन में आ गई और दिल्ली पुलिस और इंस्टाग्राम को नोटिस जारी किया।

दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह एक आपराधिक और दुष्कर्म मानसिकता का स्पष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा, "हम इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। इस ग्रुप के सभी लड़कों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।"

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे