Coronavirus : पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा मौतें, संक्रमित मरीजों की संख्या 28000 के पार पहुंची

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 27 अप्रैल 2020, 7:59 PM (IST)

नई दिल्ली। देश में कोविड-19 के 1,463 नए मामले आने के साथ कुल मामलों की संख्या सोमवार शाम तक बढ़कर 28,380 हो गई और पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 60 मौतें हुई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। कुल मामलों में से 21,132 सक्रिय मामले हैं। 6,361 लोग ठीक हो चुके हैं और 886 लोगों ने इस बीमारी से जान गंवाई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 8,068 मामलों के साथ महाराष्ट्र सबसे बुरी तरह से प्रभावित राज्य बना हुआ है। गुजरात में 3,301, दिल्ली में 2,981 मामले दर्ज किए गए हैं।
इन तीनों के अलावा, 1,500 का आंकड़ा पार करने वाले अन्य राज्य मध्य प्रदेश (2,168), राजस्थान (2,185), तमिलनाडु (1,885) और उत्तर प्रदेश (1,955) हैं।
सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 342 मौतें दर्ज की गई हैं। इसके पड़ोसी गुजरात में 151, मध्य प्रदेश में 106 और नई दिल्ली में 54 मौतें हुई हैं।
अन्य प्रमुख राज्यों में, आंध्र प्रदेश में 31 मौतों के साथ 1,177 मामले, बिहार में दो मौतों के साथ 277 मामले, हरियाणा में तीन मौतों के साथ 289 मामले, जम्मू-कश्मीर में छह मौतों के साथ 523 मामले, कर्नाटक में 20 मौतों के साथ 511 मामले और केरल में चार मौतों के साथ 469 मामले सामने आए हैं।
जिन राज्यों में 10 से कम मामले दर्ज किए गए हैं, वे त्रिपुरा, मिजोरम, पुडुचेरी, मणिपुर, गोवा और अरुणाचल प्रदेश हैं।
दुनियाभर में कोरोना मामलों की कुल संख्या 29 लाख को पार कर गई है और अब तक दो लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे