Coronavirus : रामविलास पासवान बोले- निर्बाध खाद्यान्नों की आपूर्ति कर रहा FCI

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 28 मार्च 2020, 5:09 PM (IST)

नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान ने शनिवार को कहा कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) कोरोनावायरस के खिलाफ जंग के दौरान देश के 80 करोड़ नागरिकों को खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के काम में जुटा हुआ है। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि देश में हैंड सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों ने 125 मद्यशालाओं और 910 अन्य उत्पादकों को नया लाइसेंस जारी किया है।
पासवान ने एक ट्वीट के जरिए कहा, आज जब कोरोनावायरस के खिलाफ जंग में पूरा देश एकजुट है, वैसे में 80 करोड़ से अधिक नागरिकों तक खाद्यान्नों की निर्बाध आपूर्ति का महती कार्य एफसीआई कर रहा है।
उन्होंने आगे कहा, इस कार्य को पूरा करने में चैबीसों घंटे तत्पर लाखों मजदूरों और ट्रक ड्राइवरों के हम आभारी हैं।
पासवान ने एक अन्य ट्वीट के जरिए बताया कि सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 27 मार्च तक 135 मद्यशालाओं व अन्य उत्पादकों को लाइसेंस जारी कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, मंत्रालय के अनुरोध पर राज्य सरकारों ने 27 मार्च तक 125 डिस्टिलरियों और 910 अन्य निजी उत्पादकों को हैंड सैनिटाइजर के लिए नये लाइसेंस जारी किए गए हैं, ताकि देश में हैंड सैनिटाइजर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे