पंकज श्रीवास्तव
पेइचिंग । पिछले साल दिसंबर के महीने में जिस कोरोना महामारी ने चीन के वुहान शहर में दस्तक दी थी, और अगले कुछ ही हफ़्तों में इस महामारी ने पूरे चीन को अपनी चपेट में ले लिया था, जहां एक तरफ़ कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी और पूरा चीन इस बीमारी से पंगु बन गया था, वहीं अब चीन में हालात सामान्य होते दिखाई दे रहे हैं।
चीन की सरकार ने भी ताबड़तोड़ तरीकों से कोरोना वायरस से अपने देश को बचाने की अथक कोशिश की और दर्जनों एहतियाती कदमों को लागू किया, इसमें सबसे बड़ी बात ये है कि चीन में सख्त कानून होने के बावजूद लोगों ने स्वेच्छा से कानून का पालन किया क्योंकि यहां पर लोग जीवन को बहुत गंभीरता से लेते हैं। शायद यही कारण है कि चीन सरकार द्वारा अपनाए गए सारे कदम सफलता के साथ पूरे हुए।
वुहान में चीन सरकार ने महज़ 7 दिनों में 1000 बिस्तरों वाला एक अस्पताल खड़ा कर दुनिया के सामने कोरोना वायरस से लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता से चकित कर दिया। देश भर से मेडिकल कर्मियों के साथ डॉक्टरों की भारी तादाद उस समय वुहान पहुंचने लगी थी, जिसने दिन रात लोगों की जान बचाने के लिये काम किया। आज समाचार मिला है कि वुहान से सारी मेडिकल टीमें अपने शहरों में वापसी करने लगी हैं। ये बताते हैं कि हालात कितनी जल्दी सामान्य हो रहे हैं।
वहीं पश्चिमी देशों ने नोवेल कोरोना वायरस को गंभीरता से नहीं लिया जिसका परिणाम आज हम इटली, स्पेन, ईरान और अमेरिका समेत कई देशों के इसकी चपेट में आने से देख रहे हैं। इन सारे देशों में राष्ट्रीय आपदा की घोषणा हो चुकी है, लोग अब मजबूर हैं कानून को मानने के लिये।
चीन के कुछ समाचार पत्रों की अगर माने जो चीन ने कोरोना वायरस से लड़ने के अपने अनुभवों के आधार पर लिखा है तो भारत में कोरोना वायरस का असली प्रभाव 5 अप्रैल के बाद देखने को मिलेगा क्योंकि चीन में भी पहले केस के लोगों के सामने आने के तीन सप्ताह के बाद इसने अपना असल रंग दिखाया था।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
राजधानी पेइचिंग में हमारे कार्यालय में भी बहुत एहतियात बरते जा रहे
हैं, मसलन मेरी टेबल समेत हर व्यक्ति की टेबल पर समय समय पर रबर के दस्ताने
और मास्क रखे जा रहे हैं जिससे हमें इनकी कमी कभी महसूस ना हो, इसके
अलावा, हर कार्यालय, शॉपिंग माल में एंट्री प्वाइंट पर थर्मल कैमरे लगाए गए
हैं, सारे रिहाइशी इलाकों में मेडिकल टीम रिमोट थर्मामीटर के साथ हर
व्यक्ति का तापमान ले रही है, इन रिहायशी कॉलोनी में हर रहवासी को एक पास
दिया गया है, जिसे गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मी को हर बार दिखाना पड़ता है,
नहीं तो आप अपने घरों में भी एंट्री नहीं पा सकते, ऐसा ही एक पास हमारे
रिहायशी इलाकों में हम सभी को बांटा गया है।
चीन में जहां 81218 लोग
इस बीमारी की ज़द में आए और उनमें से 3281 लोगों की नोवेल कोरोना वायरस से
मौत हुई वहीं 73950 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से स्वस्थ हो गए हैं।
फिलहाल नोवेल कोरोना वायरस से 4287 लोग पीड़ित हैं जिनमें से 1399 लोग
गंभीर हालत में हैं, वहीं पूरी दुनिया में इस समय नोवेल कोरोना वायरस की
ज़द में 468,577 लोग आ चुके हैं जिनमें से अबतक 21,185 लोग मारे जा चुके
हैं, वहीं 113,817 लोग इस बीमारी से पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, लेकिन अब
भी हालात खराब हैं, और इस समय करीब 333,575 लोग अब भी इस बीमारी की चपेट
में हैं जिनमें से 14,897 लोग गंभीर रूप से पीड़ित हैं। अबतक 135,002 लोग
पूरी दुनिया में इस बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं।
भारत के सामने
दुनिया भर के कई देशों में हुई हज़ारों मौतें सबक लेने का विषय है, अगर लोग
अब भी प्रशासन की अपील को नहीं मानेंगे तो इसका गंभीर परिणाम उन्हें
भुगतने के लिये तैयार रहना चाहिए। हमारे सामने इस समय एक तरफ़ चीन का
उदाहरण है जिसने सख्ती अपनाकर इस बीमारी से निजात पाई है वहीं दूसरी तरफ़
इटली, जर्मनी, स्पेन, अमेरिका जैसे देश हैं जिन्होंने नोवेल कोरोना वायरस
महामारी को गंभीरता से नहीं लिया और आज ये लोग इसके जान माल के रूप में
गंभीर परिणाम भुगत रहे हैं। क्यों भारत की पुलिस को हमारी भलाई के लिये,
हमारी जान बचाने के लिये हमें डंडे तक मारने की नौबत आ रही है, क्या हम
इतने नासमझ हैं कि इस बीमारी की गंभीरता को समझ नहीं सकते ? लोग धारा 144
यानी कर्फ्यू का मतलब भी नहीं समझते ? सरकार की अपील, प्रशासन की अपील को
हम नहीं समझ रहे हैं ? क्यों भारत में पढ़े लिखे लोग भी जानबूझकर कानून का
मज़ाक बना रहे हैं ? ऐसा कर के क्या वो खुद को कानून से ऊपर दिखाना चाहते
हैं ? अगर इतना सब होने के बाद हम नहीं समझते तो हमारे सामने दो रास्ते
खुले हैं, अगर हम बुद्धि विवेक से काम लेते हैं तो निश्चित हम इस महामारी
पर विजय पा सकेंगे नहीं तो हमें भुगतने के लिये तैयार रहना चाहिए।
( लेखक पिछले 8 वर्षों से चीन में रहकर चीनी राष्ट्रीय रेडियो स्टेशन के लिये पत्रकारिता कर रहे हैं।)