भाजपा ने राज्यसभा के लिए 5 और उम्मीदवार घोषित किए

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 12 मार्च 2020, 2:47 PM (IST)

चंडीगढ़/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को राज्यसभा की पांच और सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत कुमार गौतम का नाम प्रमुख है। पार्टी ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र की सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। भाजपा ने हरियाणा से रामचंद्र जांगड़ा और दुष्यंत कुमार गौतम, हिमाचल प्रदेश से इंदु गोस्वामी, मध्य प्रदेश से प्रो. सुमेर सिंह सोलंकी और महाराष्ट्र से डॉ. भगवत कराड़ को राज्यसभा का टिकट दिया है। वहीं महाराष्ट्र की एकमात्र विधान परिषद की सीट से अमरीश भाई रसिकलाल पटेल को उम्मीदवार बनाया है।

बता दें कि इससे पहले बुधवार को पार्टी ने कुल 11 राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे, जिसमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम प्रमुख था। इस प्रकार भाजपा अब तक कुल 16 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। 17 राज्यों में अप्रैल में खाली हो रहीं राज्यसभा की कुल 55 सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव होने हैं।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे