दिल्ली के नतीजों ने AAP में भरी नई ऊर्जा! 20 राज्यों में शुरू किया राष्ट्र निर्माण अभियान

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 23 फ़रवरी 2020, 12:09 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) ने अब एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। इसे आम आदमी पार्टी ने राष्ट्र निर्माण अभियान का नाम दिया है। यह अभियान 22 फरवरी से 23 मार्च के बीच एक महीने तक चलाया जाएगा। दिल्ली विधानसभा में बहुमत हासिल करने के बाद आप ने देशभर में राष्ट्र निर्माण अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि 22 फरवरी से 23 मार्च तक राष्ट्र निर्माण अभियान पूरे देश में चलेगा।

20 राज्यों में ये अभियान चलाया जाएगा। साथ ही गैर हिंदी भाषा वाले क्षेत्रों में उन्हीं की भाषा में पोस्टर छापे जाएंगे। राय ने कहा कि 22 फरवरी से आम आदमी पार्टी ने पूरे देश में राष्ट्र निर्माण अभियान शुरू किया जो 23 मार्च तक चलेगा। यह सकारात्मक राष्ट्रवाद की राजनीति आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शुरू की है, और सफल रही।

अब इसे हम पूरे भारत में लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को मिले भारी बहुमत ने देश को एक संदेश दिया है, जिसके बाद पार्टी ने पूरे देश में राष्ट्र निर्माण अभियान को आगे बढ़ाते हुए सदस्यता के लिए मिस कॉल करने की अपील करते हुए फोन नंबर 9871010101 जारी किया है। अभी तक पूरे देश में 16 लाख लोग आप से जुड़ चुके हैं।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

आम आदमी पार्टी के मुताबिक तमिल और कन्नड़ भाषा में भी ये अभियान चलाया जाएगा। दिल्ली में पार्टी से जुडऩे के लिए 1 लाख 72 हजार और उत्तर प्रदेश में 1 लाख 82 हजार लोगों ने पार्टी के नंबर पर मिस्ड कॉल की है। सभी राज्यों को मिलाकर इस माध्यम से कुल 16 लाख लोग अभी तक पार्टी से जुड़े हैं।

इससे पहले, पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री गोपाल राय ने सभी राज्यों के पार्टी पदाधिकारियों और प्रभारियों के साथ बैठक की। यह बैठक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर बुलाई गई थी। इस दौरान राय ने देशभर से आए पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ राष्ट्र निर्माण अभियान को लेकर चर्चा की।

(IANS)