बगलामुखी मंदिर को 1 करोड़ 54 लाख 48321 रुपये की आय हुई

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 22 फ़रवरी 2020, 5:09 PM (IST)

धर्मशाला। आय व्यय का हिसाब न देने सहित कई सवाल उठने के बाद बगलामुखी मंदिर ट्रस्ट ने एक साल की कमाई का मौखिक रूप से ब्यौरा दिया है। ट्रस्ट की ओर से बगलामुखी में बतौर मंदिर अधिकारी तैनात किए गए पवन बडियाल ने बताया कि अप्रैल 2018 से मार्च 2019 तक बगलामुखी मंदिर को 1 करोड़ 54 लाख 48321 रुपये की आय हुई है।
जबकि, मंदिर का खर्चा 1 करोड़ 47 लाख 30322 रुपये हुआ है। ट्रस्ट की ओर से तैनात मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने यह जानकारी मौखिक रूप से दी। 2018 से पहले के वर्षों के आय व्यय का कोई भी लिखित दस्तावेज न तो मंदिर अधिकारी पवन बडियाल दे पाए और न ही ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रजतगिरी। महंत एवं ट्रस्ट के अध्यक्ष रजतगिरी ने बताया कि मंदिर के आय व्यय का ब्यौरा ट्रस्ट के सीए के पास है।

दो तीन दिन के भीतर इसकी जानकारी मिल जाएगी। बगलामुखी से पहले पवन बडियाल बज्रेश्वरी मंदिर में बतौर मंदिर अधिकारी तैनात थे। ट्रस्ट ने पिछले साल ही पवन बडियाल को सेवानिवृत्ति के बाद बगलामुखी मंदिर में बतौर अधिकारी तैनात किया था।

विधायक होशियार की सिफारिशों पर भी दिया गया मंदिर का पैसा: देहरा के विधायक होशियार सिंह ने भी अपने विस क्षेत्र की निर्धन लड़कियों की शादी के लिए बगलामुखी मंदिर ट्रस्ट से पैसा दिलाया है। यह बात ट्रस्ट की ओर से तैनात मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने खुद मानी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में ट्रस्ट ने 80 निर्धन लड़कियों की शादी के लिए 5 लाख रुपये दिए हैं। इनमें विधायक होशियार सिंह ने भी निर्धन लड़कियों की शादी के लिए सहायता राशि देने की मांग की थी।

ट्रस्ट में स्थानीय पंचायत का एक भी न्यासी शामिल नहीं:
वर्ष 2013 में पंजीकृत बगलामुखी मंदिर ट्रस्ट में बगलामुखी पंचायत का एक भी स्थानीय निवासी नहीं डाला गया है। महंत और उनकी पत्नी के अलावा सभी न्यासी शिमला, कांगड़ा, धर्मशाला, नूरपुर और देहरा के रहने वाले हैं। सभी न्यासी नामी और साधन संपन्न लोग हैं।

ट्रस्ट में एक भी स्थानीय निवासी शामिल न करने को लेकर रजतगिरी कहते हैं कि संस्था को चलाने के लिए साधन संपन्न लोगों की जरूरत होती है। महंत रजतगिरी ने कहा कि जल्द ही स्थानीय पंचायत बनखंडी के दो लोगों को ट्रस्ट में शामिल किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे