प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान जल्द होगा शुरू : उप मुख्यमंत्री

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 17 फ़रवरी 2020, 6:15 PM (IST)

जयपुर। उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान शुरू किया जाएगा। इससे पुरानी समस्याओं का समाधान होने से आमजन को राहत मिल सकेंगी।

पायलेट सोमवार को अजमेर में मोईनिया ईस्लामिया राजकीय सीनियर सैकण्डरी स्कूल के पास पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की मूर्ति के अनावरण के अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रिमोट से बटन दबाकर मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंनेे कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति की मदद करने के लिए तत्पर है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए राज्य सरकार द्वारा शीघ्र ही प्रशासन शहरों एवं गांवों के संग अभियान आरम्भ किया जाएगा। इनमें आमजन के प्रशासन से जुड़े पट्टो सहित समस्त कार्य करके राहत प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा पेश किया जाने वाला आगामी बजट भी राज्य के निवासियों को राहत देने वाला होगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री गांधी की मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम को सफल बनाने में सबका योगदान है। सबके साथ मिलकर कार्य करने से सफलता प्राप्त होती है। गांधी को पूरा देश याद रखता है। उन्होंने देश में बदलाव तथा समाज की वास्तविकता को समझा। उसी के अनुरूप कार्य करने से उनकी छवि आयरन लैडी के रूप में बनी। उन्होंने कहा कि भारत नौजवानों का देश है। वर्तमान सरकार नौजवानों के द्वारा ही बनायी गई है। राज्य सरकार की यह कोशिश रहती है कि प्रत्येक स्तर पर नौजवानों को मौका मिले। पंचायत सहायकों सहित समस्त संविदाकर्मियों के संबंध में निर्णय लेने के लिए उप समिति का गठन किया गया है। इसके द्वारा नौजवानों के हित में निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर 5-5 कार्य करवाने के निर्देश प्रदान किए गए है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

समारोह में मसूदा विधायक राकेश पारीक ने कहा कि उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट द्वारा पूर्व में अजमेर जिले को हवाई अड्डा, केन्द्रीय विश्व विद्यालय एवं अन्य सौगाते प्रदान की गई है। वर्तमान में पूरा जिला सरकार के साथ है। भारत की महान नेता गांधी की मूर्ति का अनावरण किया गया। यह एक चिर प्रतिक्षित मौका है। यह अजमेर के लिए गर्व का विषय है कि यह कार्य उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के हाथाें हो रहा है।

समारोह को पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, ललित भाटी, हेमन्त भाटी, महेन्द्र सिंह रलावता, भूपेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी संबोधित किया। स्थानीय जन प्रतिनिधि संबंधित अधिकारी मौजुद थे।