जयपुर में 1 करोड़ रुपए की चरस पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 16 फ़रवरी 2020, 5:46 PM (IST)

जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने नशे के सौदागारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर रविवार को दो अन्तर्राज्जीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपए की चरस बरामद की गई है। एसओजी टीम दोनों आरोपी तस्करों से पूछताछ कर रही है।
एडीजी (एटीएस एवं एसओजी) अनिल पालीवाल ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में आरोपी अंकुश सिंह उर्फ अक्की (24) निवासी गुलाब विहार प्रताप नगर और उपेन्द्र ठागरिया उर्फ शेरू (22) निवासी सेक्टर-6 प्रताप नगर को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर से सूचना मिली कि हिमाचल प्रदेश से लाकर जयपुर शहर व उसके आस-पास क्षेत्रों मं अवैध मादक पदार्थो की तस्करी की जा रही है। सूचना पर एसओजी टीम ने आमेर कुण्डा चैक पोस्ट से पहले दिल्ली-जयुपर हाईवे पर नाकाबंदी लगाई। रविवार दोपहर नाकाबंदी में दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी में उनकी जैकेट के अंदर एक प्लास्टिक थैली में चरस रखी मिली। एसओजी ने दोनों अन्तर्राज्जीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मिली 1 किलो 450 ग्राम चरस जब्त की। एसओजी पकड़ी गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। वहीं दोनों तस्करों से पूछताछ कर अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोद से जुड़े बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे