दिल्ली चुनाव के बाद भी नहीं बदला BJP का रुख! विधायक ने केजरीवाल को कहा आतंकवादी

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 12 फ़रवरी 2020, 6:34 PM (IST)

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने विकास के मुद्दे को केंद्र में रखते हुए दिल्ली विधासनभा चुनाव में लगातार तीसरी बार बाजी मार ली। उसने 70 में से 62 सीटों पर कब्जा जमाया। भाजपा और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा को 8 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई। हालांकि जबरदस्त हार के बावजूद भाजपा अपने स्टैंड से पीछे हटती नजर नहीं आ रही है।

बुधवार को एक बार फिर भाजपा ने आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें आतंकवादी करार दिया। विश्वास नगर से नवनिर्वाचित विधायक ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट आदमी हैं। उनकी सहानुभूति आतंकवादियों के साथ है। वे पाकिस्तान के प्रवक्ता की भूमिका निभा रहे हैं।

केजरीवाल भारतीय सेना पर उंगली उठाते हैं और टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं। वास्तव में, आतंकवादी उनके लिए सही शब्द है। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े होने वाला सेना पर सवालिया निशान लगाने वाला व्यक्ति कभी भी राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

हम फिर से वापसी करेंगे और दिल्ली की जनता की आंखों में धूल झोंकने वाले केजरीवाल की कलई जल्द ही खुल जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रचार के दौरान भाजपा के कई नेताओं ने केजरीवाल को आतंकी करार दिया था। सांसद परवेश वर्मा ने सबसे पहले केजरीवाल को आतंकी बताया था। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि केजरीवाल आतंकी हैं ये साबित करने के लिए उनके पास सबूत भी हैं। आपको बता दें कि शर्मा ने 65830 वोट हासिल कर जीत हासिल की है। आप के दीपक सिंगला को 49373 और कांग्रेस के गुरचरण सिंह को 7881 वोट मिले।