महात्मा गांधी से मिली निरोगी राजस्थान अभियान की प्रेरणा: अशोक गहलोत

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 20 जनवरी 2020, 9:13 PM (IST)

जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को संत नरसी मेहता का भजन ‘‘वैष्णव जन तो तैने कहिए जोपीड़ पराई जाणै रै’’ बहुत प्रिय था। दीन, हीन गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा गांधीजी की प्राथमिकता थी। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए राज्य सरकार ’निरोगी राजस्थान’ अभियान चला रही है।

गहलोत ने सोमवार को जोधपुर के बड़ा रामद्वारा में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन को बीमारियों की रोकथाम और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए जागरूक करना है। राज्य सरकार विभिन्न रोगों के इलाज के लिए निःशुल्क दवाइयां और जांच की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गौ-शालाओं के लिए अनुदान में भी बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ा रामद्वारा में हुए विकास कार्यों के लिए पीठ के गादीपति रामप्रसाद महाराज के अशीर्वाद से हुए हैं। उन्होंने कहा कि रामस्नेही सम्प्रदाय द्वारा हमेशा गरीब वर्ग, सभी धर्मों एवं समाज के विकास के लिए संदेश दिया जाता है। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़ा रामद्वारा ट्रस्ट को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

गहलोत ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं के घूंघट में नहीं होने पर प्रसन्न्ता जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है कि यहां बैठी किसी भी महिला ने घूंघट नहीं रखा है। यह राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ’घूंघट हटाओ’ अभियान का परिचायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। आज जब मनुष्य चंद्रमा पर पहुंच गया है, महिलाओं को घूंघट प्रथा से मुक्त रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों का आह्वान किया कि वे बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित कर समाज में आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पहल पर हुए 73वें और 74वें संविधान संशोधन से स्थानीय प्रशासन में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हुई।

गहलोत ने रामस्नेही संत मोहनदास मार्ग की पट्टिका और बड़ा रामद्वारा में विकास कार्यों का लोकार्पण किया। संतश्री रामप्रसाद ने साफा और शाॅल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी पीठ में सेवा करने वाले भक्तों को शाॅल ओढ़ाकर और साफा पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, पूर्व जेडीए चेयरमैन राजेन्द्रसिंह सोलंकी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल, विधायक हीराराम मेघवाल, राजसीको के पूर्व चेयरमैन सुनील परिहार, पूर्व महापौर ओमकुमारी गहलोत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन उपस्थित थे।