दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी सडक़ दुर्घटना में घायल, पति जावेद अख्तर भी थे साथ

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 18 जनवरी 2020, 5:44 PM (IST)

मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में कार में सफर कर रहीं जानी-मानी अभिनेत्री शबाना आजमी घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित बॉलीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी की कार मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खालापुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हाइवे पुलिस की गश्ती टीम के पुलिसकर्मी बाबासाहेब केमैट ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कार में अभिनेत्री के साथ उनके पति और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कवि-गीतकार जावेद अख्तर भी यात्रा कर रहे थे। उनकी कार शाम करीब 4.15 बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक से जा टकराई।

घायल अभिनेत्री को कार से बाहर निकालकर सड़क पर बैठाया गया और तुरंत नवी मुंबई के कामोथेले स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें मेडिकेयर के लिए अंधेरी के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल (केडीएएच) में स्थानांतरित कर दिया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 69 वर्षीय अभिनेत्री का इलाज चल रहा है और उनको आई चोटों को लेकर जांच चल रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

अभी यह स्पष्ट नहीं हो पया है कि कार में मौजूद उनके पति जावेद अख्तर को भी चोटें आई हैं या नहीं। लेकिन सड़क से गुजर रही एक अज्ञात महिला को गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। हाइवे पुलिस की गश्ती टीमें दुर्घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच की।