दिल्ली और NCR में घना काेहरा, ठंड बढ़ी, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 18 जनवरी 2020, 09:52 AM (IST)

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने पर गाड़ियां हेडलाइट जलाकर ही चल रही थीं। कोहरे के कारण दिल्ली में 20 रेलगाडियां दो घंटे से पांच घंटे तक लेट चल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कई दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की चादर छाई रहेगी।

इंडिया गेट और राजपथ पर भी कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी और कुछ मीटर दूरी तक भी सही से कुछ नहीं दिख रहा था। यही नहीं दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाइओवर पर भी घना कोहरा छाया हुआ है। फिलहाल दिल्ली का तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे


इससे पहले दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बारिश हुई थी, जिसके चलते तापमान में गिरावट आई थी। अब कोहरा छाने की वजह से एक बार फिर से शहर की गति थमती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में रविवार और सोमवार तक कोहरा छाया रहेगा। दिल्ली और आसपास के शहरों में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है। यही नहीं इसके बाद बुधवार से एक बार फिर कोहरे की वापसी हो सकती है।