Delhi Assembly Elections : BJP ने किया 57 उम्मीदवारों का ऐलान, AAP के बागी कपिल मिश्रा को टिकट, देखें लिस्ट

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 17 जनवरी 2020, 4:51 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 57 उम्मीदवारों की लिस्ट शुक्रवार को जारी कर दी है। 11 प्रत्याशी एससी वर्ग से हैं और 4 महिलाओं को टिकट दिया गया है। कुल 57 उम्मीदवारों की इस सूची में वरिष्ठ नेता विजेंद्र गुप्ता को रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से टिकट दी गई है। वहीं पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए आम आदमी पार्टी (आप) के बागी एवं दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा को मॉडल टाउन से चुनावी मैदान में उतारा गया है।

गुप्ता 2015 के चुनावों में भाजपा के तीन विजयी उम्मीदवारों में से थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव आर. पी. सिंह को राजेंद्र नगर से टिकट दी गई है, जबकि शिखा राय ग्रेटर कैलाश से उम्मीदवार हैं। तुगलकाबाद से विक्रम बिधुड़ी को उम्मीदवार बनाया गया है, जोकि दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधुड़ी के रिश्तेदार हैं।

यह सूची भाजपा के दिल्ली प्रमुख मनोज तिवारी ने जारी की, जिन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में जीत हासिल करेगी। भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में 1998 से ही सत्ता से बाहर है।

शेष 13 उम्मीदवारों के बारे में पूछे जाने पर तिवारी ने कहा कि पार्टी जल्द ही इसकी घोषणा भी करेगी।

यह सूची भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद जारी की गई है, जो गुरुवार की देर शाम शुरू होकर रात 11 बजे के बाद समाप्त हुई।

इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, थावरचंद गहलोत और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

दिल्ली में आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे।