13 वर्षीय परीकुल भारद्वाज को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देंगे राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 16 जनवरी 2020, 8:53 PM (IST)

निशा शर्मा
चंडीगढ़। हरियाणा में झज्जर जिले के खरहर गांव की 13 वर्षीय परीकुल भारद्वाज को राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति भवन में 26 जनवरी को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों नौंवी कक्षा की छात्रा परीकुल को पुरुस्कृत किया जाएगा।
परीकुल ने ऊंचे पर्वतों पर संकट में फंसे लोगों की जान बचाने का सख्त प्रशिक्षण लिया है। लोगों की जान बचाने का कार्य करने वाली सबसे कम उम्र की यह पहली लड़की है, जिसने 2 जून, 2019 में करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर केदारनाथ में बर्फीली हवाओं में अचानक बीमार पड़ गए लोगों की जान बचाने का साहसिक कार्य कर दिखाया था।

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा चुकी परीकुल विश्व के सर्वश्रेष्ठ 100 रिकॉर्ड धारकों में से एक है। देश के थल सेनाध्यक्ष से सराहाना हासिल कर चुकी परीकुल को सिक्स सिग्मा की तरफ से भी हाई अल्टिट्यूड अवाॅर्ड दिया जा चुका है। नेशनल ज्योग्राफिक चैनल ने भी परीकुल के साहसिक और निस्वार्थ भाव से किए गए अथक प्रयासों पर प्रकाश डाला है। राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार-2020 की सूची में नाम आने पर खुशी जाहिर करते हुए परीकुल के पिता डॉक्टर प्रदीप भारद्वाज ने कहा कि, 'यह अवाॅर्ड एक अच्छे विचार और संस्कार का परिणाम है। सामाजिक कार्यों के लिए हमेशा आगे रहने वाली बेटी परीकुल ने यह अवाॅर्ड हासिल कर हमारे पूरे परिवार का मान बढ़ाया है।'

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे