युवा अपने आपको विवेकानंद माने और मिल्खा सिंह की तरह दौड़ें: सीएम मनोहर लाल

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 12 जनवरी 2020, 10:02 PM (IST)

चंडीगढ़। राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘हरियाणा एक-हरियाणावी एक’ के नारे के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को रेवाड़ी के आईओसी चौक से ‘रन फॉर यूथ-यूथ फॉर नेशन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह यादव, डीजीपी मनोज यादव, एडीजीपी, सीआईडी अनिल राव, एडीजीपी डॉ. आर.सी. मिश्रा, एडीजीपी ओ.पी.सिंह, उपायुक्त यशेन्द्र सिंह, एसपी नाजनीन भसीन सहित हजारों युवा रन फॉर यूथ मैराथन में एक साथ दौड़े। आईओसी चौक से दक्ष प्रजापति चौक तक जन सैलाब नजर आया। युवाओं के उमंग व उत्साह से भरपूर दौड़ ने रेवाड़ी में नया इतिहास रच दिया। दौड़ में हर आयु वर्ग के पुरुष व महिला दौड़ते नजर आए।


मुख्यमंत्री मनोहर हरी झंडी दिखाकर मंच से उतरे और युवाओं के साथ दौडऩे लगे। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अपने आपको विवेकानंद माने और मिल्खा सिंह की तरह दौड़े। इससे बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण होगा।


मुख्यमंत्री ने रेवाड़ी की बलिदानी भूमि को नमन करते हुए कहा कि आज प्रदेश में चार लाख से अधिक युवा स्वामी विवेकानंद बनकर दौड़ रहे हैं और लक्ष्य प्राप्ति के लिए यह दौड़ जारी रहेगी। स्वामी विवेकानंद कहते थे, ‘‘उठो, जागो, भागो और तब तक मत रूकना जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।’’ आज युवाओं को इसी संकल्प के साथ दौडऩा है और साथ ही अपने हौसलों को भी बुलंद रखना है। स्वामी विवेकानंद के वचन आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरक व मागर्दशक हैं।


मनोहर लाल ने कहा कि आज हमें मिल्खा सिंह बनकर दौडऩा है। ‘मेरा हरियाणा महान’ व ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के संकल्प के साथ हमें मिलकर इस प्रदेश को आगे बढ़ाना है। राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने का मुख्य मकसद युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों के प्रति जागरूक करना है। युवा देश का महत्वपूर्ण अंग है जो देश को आगे बढ़ाता है। स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं तथा उनके कहे शब्द आज भी युवाओं में जोश भरने का काम करते हैं।


तूफानों में जो पलते हैं..: तूफानों में जो पलते हैं, वहीं दुनिया को बदलते हैं। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जब ये पंक्ति कही तो आईओसी चौक पर हजारों की संख्या मौजूद युवाओं ने भारत माता की जय के जोरदार नारे के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।


उन्होंने कहा कि आज यह मैराथन आईओसी चौक से दक्ष प्रजापति चौक तक पहुंचेगी। इसका संदेश दूर-दूर तक जाएगा। युवा वास्तव में आयु से परे सकारात्मक गुणों, सक्रिय व्यक्तित्व का बोध करवाते हैं। युवा शक्ति का केंद्र शारीरिक बल के साथ-साथ मानसिक शक्ति भी है।


ढोल-नगाड़ों से हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत: राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आईओसी चौक पर पहुंचने पर ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। वहीं हरियाणवी वेशभूषा में महिलाओं व बच्चों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद मनोहर लाल मुख्य स्टेज पर पहुंचे। भारी संख्या में मौजूद युवाओं ने बार बार जय हरियाणा का नारा देकर माहौल में जोश भरने का काम किया।

ये रहे विजेता:
इस रन फॉर यूथ मैराथन में पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के विरेन्द्र कुमार पुत्र कामधन प्रथम रहे। वहीं उत्तराखंड के मंजीत सिंह पुत्र बहादुर द्वितीय तथा रेवाड़ी के विश्वजीत पुत्र अशोक कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में गोकलगढ़ (रेवाड़ी) की भारती पुत्री रोहतास प्रथम, बालधन (रेवाड़ी) की शर्मिला पुत्री भगवान द्वितीय तथा जखाला (रेवाड़ी) की सरिता पुत्री हरी सिंह तीसरे स्थान पर रही। महिला व पुरुष वर्ग में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे