सभी को तरक्की के मौके और रोजगार दिए बिना राजनीति नहीं छोडूंगा : CM अमरिन्दर सिंह

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 09 जनवरी 2020, 10:06 PM (IST)

चंडीगढ़। ‘हमारा नारा, कैप्टन दोबारा’ के नारों की गूंज के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने गुरुवार को ऐलान किया कि वह तब तक राजनीति को अलविदा नहीं कहेंगे, जब तक वह नौजवानों के लिए रोजगार और प्रगतिशील पंजाब में सभी की तरक्की के लिए उचित मौके पैदा किए जाने को यकीन नहीं बना लेते।

गुरुवार को कांग्रेस भवन में पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान बरिन्दर सिंह ढिल्लो समेत नए चुने अधिकारियों के पद संभालने के मौके पर यूथ कांग्रेसी सदस्यों और वर्करों को संबोधन करते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह राज्य की तरक्की और विकास के लिए इसको अपना नेतृत्व देना जारी रखेंगे।

नौजवानों के एकत्रित जलसे के दौरान नारों की गूंज में मुख्यमंत्री ने प्रण लेते हुए कहा, ‘यह मेरा राज्य है और आप सभी मेरे अपने लोग हो। मैं आपकी ख़ातिर सदा यहीं रहूंगा और तब तक कहीं नहीं जाऊंगा, जब तक पंजाब के हरेक नागरिक के कल्याण को यकीनी नहीं बना लेता।’ बहुत से नौजवान तो यह मांग करते हुए भी सुने गए कि उनको (कैप्टन अमरिन्दर सिंह) आगे भी कई बार राज्य की बागडोर संभालते रहना चाहिए।

कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने नए चुने अधिकारियों को भरोसा दिया कि राज्य के सर्वपक्षीय विकास के लिए उनकी सरकार पूरा समर्थन देगी। उन्होंने नौजवान नेताओं के साथ वायदा किया कि राज्य और यहां के नौजवानों के हित में किसी भी काम के लिए उनको सभी विभागों में अधिकारियों और अन्य द्वारा पूरा सत्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने नौजवानों को मुल्क की रक्षा और लोकतंत्र एवं धर्म निरपेक्ष संवैधानिक नैतिक मूल्यों की सुरक्षा के लिए आगे आने का न्योता दिया। राज्य की मौजूदा स्थिति को बहुत ही चिंताजनक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही धर्म निरपेक्ष और लोकतांत्रिक शासन मुहैया करवा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुल्क की आज़ादी के लिए लड़ाई लड़ी और संविधान को समाजवादी लोकतांत्रिक गणतंत्र की प्रस्तावना के आधार पर तैयार किया। उन्होंने कहा कि चाहे संविधान की विभिन्न धाराओं में कई बार संशोधन किए गए परन्तु संविधान की प्रस्तावना सदा ही अनछुई रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

भाजपा द्वारा मुल्क को बांटने की की जा रही कोशिशों की सख्त आलोचना करते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि प्रस्तावना के साथ छेड़छाड़ करने की हरगिज़ इजाज़त नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा, ‘मुल्क का मौजूदा दौर लोक राज वाला नहीं बल्कि गुंडा राज वाला है। हम सबको यह पता है कि प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ उतर प्रदेश में क्या घटा।’ उन्होंने मुल्क को बचाने के लिए नौजवानों को नेतृत्व करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।

पंजाब के लिए अपनी सरकार के विकास एजंडे का जि़क्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका संकल्प राज्य की अर्थव्यवस्था को पैरों पर खड़ा करना है और इसके लिए तरीके ढूंढने के लिए निरंतर सोच-विचार कर रहे हैं। अपनी सरकार के प्रमुख प्रोग्राम ‘घर-घर रोजग़ार’ का जि़क्र करते हुए उन्होंने कहा कि नौजवानों के लिए रोजग़ार के अधिक से अधिक मौके पैदा करने के लिए प्राइवेट सेक्टर बड़े स्तर पर सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में नौजवानों को प्राइवेट सेक्टर में रोजग़ार हासिल हुआ है और एक लडक़ी को तो 42 लाख रुपए का सालाना पैकेज भी मिला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार उद्योग को राज्य में लाने के लिए अपने स्तर पर पूरे यत्न कर रही है जिससे रोजग़ार के और मौके सृजन किए जा सकें।

अकालियों द्वारा अपने निजी स्वार्थों के ख़ातिर राज्य का बेड़ा गर्क कर देने के दोष लगाते हुए कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि राज्य में नशों के पैर पसारने और गैंग्स्टरों के बढऩे-फुलने के लिए सीधे तौर पर अकाली जि़म्मेदार हैं। उन्होंने राज्य का ‘दूसरा विभाजन’ करने के लिए अकालियों को आड़े हाथों लिया क्योंकि इनकी नीतियों के स्वरूप इंडस्ट्री हरियाणा /एन.सी.आर. की तरफ चली गई और पर्यटन हिमाचल प्रदेश की तरफ चला गया जिससे पंजाब कम संसाधनों से जूझ रहा है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला ने कहा कि यूथ विंग भविष्य के नेता तैयार करने की नर्सरी है। अपने विचार साझे करते हुए ज़ीरा से विधायक कुलबीर सिंह ज़ीरा ने सिंगला, जलालाबाद से विधायक रमिन्दर सिंह आवला और अमरप्रीत सिंह लाली समेत पंजाब यूथ कांग्रेस (पी.वाई.सी.) के पूर्व प्रधानों की उनके नेतृत्व के लिए प्रशंसा की और विश्वास जताया कि नयी टीम पार्टी को ज़मीनी स्तर पर और मज़बूत करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से विनती की कि पंजाब यूथ कांग्रेस के पूर्व मुखियों और सदस्यों को पार्टी और राज्य की सेवा के लिए प्रमुख पद दिए जाएँ।

आवला ने हाल ही के उप चुनाव में उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने और जलालाबाद की सेवा के लिए मौका देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस ही है जो हमेशा कौशल और सख्त मेहनत को पहचानती और सम्मान देती है।

लाली ने पंजाब यूथ कांग्रेस के नये प्रधान को बधाई दी और विश्वास जताया कि राज्य भर में कांग्रेस सरकार की नीतियों के प्रसार के लिए नयी टीम अहम भूमिका निभाएगी।

पी.वाई.सी. के जनरल सचिव मोहित मोहिन्द्रा ने भी नयी टीम को बधाई दी और कैप्टन अमरिन्दर के नेतृत्व अधीन आगामी चुनाव में भी पार्टी की सफलता को यकीनी बनाने के लिए कांग्रेसी वर्करों को निरंतर कार्य करने की अपील की।

विकास के एक नए युग की शुरुआत करने के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए यूथ कांग्रेस के नए प्रधान बरिन्दर सिंह ढिल्लो ने पार्टियों की नीतियां और प्रोग्रामों के तेज़ी से प्रसार के लिए समूह यूथ कार्यकर्ताओं से अपील की। नौजवानों, विशेष तौर पर मध्यमवर्गीय परिवारों से सम्बन्धित नौजवानों के लिए राजनीति में जगह यकीनी बनाने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए ढिल्लो ने कहा कि राजा वड़िंग, कुलबीर ज़ीरा और दलवीर सिंह गोल्डी जैसे नेताओं ने कैप्टन अमरिन्दर सिंह के नेतृत्व अधीन सफलता हासिल की। ढिल्लों ने कहा कि कैप्टन अमरिन्दर सिंह पिछली अकाली-भाजपा सरकार की बुरी नीतियों के कारण वित्तीय मुश्किलों में फंसे और दिवालिया होने की कगार पर पहुंचे पंजाब को वित्त प्रबंधन के साथ फिर से राह पर लेकर आए।

विधायक राजा वड़िंग ने कहा कि विधायक बनने के बाद भी वह हमेशा यूथ कांग्रेस का नेतृत्व करते हुए लोगों की सेवा करना चाहते थे। उन्होंने कैप्टन अमरिन्दर सिंह और राहुल गांधी की तरफ से उनको ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस का प्रधान नियुक्त करके देश की सेवा करने का मौका देने के लिए धन्यवाद किया।

इस मौके पर अन्यों के अलावा सहकारिता मंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा, वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत, खाद्य एवं सिविल सप्लाई मंत्री भारत भूषण आशु, स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, ए.आई.सी.सी. के सचिव और यूथ कांग्रेस के इंचार्ज कृष्ण अलावरू, धुरी से विधायक दलवीर सिंह गोल्डी, चब्बेवाल से विधायक राज कुमार चब्बेवाल, फाजि़ल्का से विधायक दविन्दर सिंह घुबाया और गुरदासपुर से विधायक बरिन्दरमीत सिंह पाहड़ा उपस्थित थे।