दिल्ली विधानसभा में अपने बलबूते चुनाव लड़ेगी JDU

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 07 जनवरी 2020, 3:30 PM (IST)

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। इस बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने फैसला किया है कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव वह अपने बलबूते लड़ेगी।

बिहार में जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने बताया है कि पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पूरे दमखम से लडऩे का फैसला किया है। इस बाबत पार्टी ने रणनीति बना ली है। उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने दिल्ली में आठ फरवरी को विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की है, जिसके नतीजे 11 फरवरी को आएंगे।

जदयू के दिल्ली प्रभारी संजय झा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली प्रदेश इकाई के अनुरोध पर राज्य में अपने बलबूते चुनाव लडऩे पर सहमति जताई है। सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल यह तय नहीं किया गया है कि पार्टी विधानसभा की 70 में से कितनी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचल के लोग रहते हैं और जदयू की नजर इन्हीं वोटों पर है। सूत्रों के मुताबिक इस चुनाव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी प्रचार करने आएंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

यह भी बताया गया है कि नीतीश का चुनाव प्रचार का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। नीतीश चार-पांच सभाओं को संबोधित कर सकते हैं। जदयू पूर्वांचल के मतदाताओं की अनदेखी का मुद्दा उठाकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करेगी।

सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार शुक्रवार को दिल्ली आ रहे हैं और इस दौरान वे सीटों के निर्धारण और उम्मीदवारों के चयन के लिए दिल्ली प्रदेश इकाई के साथ बैठक करेंगे। उल्लेखनीय है कि जदयू बिहार में भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रही है। लेकिन पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव में अकेले मैदान में उतरी थी। अब उसने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी अकेले उतरने का निर्णय लिया है।