संगीन वारदातों में फरार चल रहा आरोपी गोवा से गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 06 जनवरी 2020, 8:53 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस द्वारा कई संगीन वारदातों में फरार चल रहे आरोपी नवीन बुधवार को गोवा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। आरोपी के खिलाफ लगभग एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने सोमवार को यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को रोहतक पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ की स्पेशल टीम ने विशेष इनपुट के आधार पर गोवा से गिरफ्तार किया। रोहतक के गांव सुनारिया निवासी नवीन, हत्या, लूट, जान से मारने की धमकी देने और हमला करने समेत कई अपाराधिक मामलों में फरार चल रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ के दौरान, यह खुलासा हुआ कि आरोपी नवीन ने अपने घर में फोटोस्टेट की दुकान कर रखी थी। उनके भाई पंकज बुधवार और प्रवीण बुधवार उर्फ टिंकू अलग-अलग मामलों में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। आरोपी पंकज सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी हुकम सिंह पर एक जानलेवा हमले में शामिल रहा है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान अन्य मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे