पंजाब, हरियाणा में घना कोहरा, पारा लुढ़का

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 24 दिसम्बर 2019, 1:24 PM (IST)

चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कम दृश्यता के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ है, जो कुछ स्थानों पर 100 मीटर से भी कम हो गया है। पुलिस ने कहा कि राजमार्गो पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 1 (एनएच-1) का अमृतसर-अंबाला-दिल्ली खंड कई स्थानों पर घने कोहरे के कारण सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।

सामान्य से नौ से 11 डिग्री नीचे अधिकतम तापमान वाले क्षेत्र में कोहरा जारी है।

चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश के शिमला के मुकाबले हरियाणा में नारनौल उत्तर भारतीय मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा। यहां सुबह में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि शिमला में 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में अमृतसर पांच डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ज्यादा ठंडा रहा।

चंडीगढ़ आने वाली ट्रेनें कई घंटों की देरी से आईं और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठंड के बीच इंतजार करना पड़ा।

घने कोहरे के कारण मोटर चालकों को वाहन चलाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

खराब मौसम और कोहरे के कारण पंजाब में शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों का समय बदल दिया है।

परिवर्तित समय 24 दिसंबर से लागू होगा और 15 जनवरी तक लागू रहेगा।

एक अधिकारी ने कहा कि प्राथमिक स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से अपराह्न् तीन बजे तक होगा और मिडल हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक संचालित होंगे। (आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे