नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भाजयुमो का पैदल मार्च

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 23 दिसम्बर 2019, 7:21 PM (IST)

सैयद हबीब
उदयपुर। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में सोमवार शाम को भाजयुमो के आह्वान पर पैदल मार्च निकाला गया। शहर के विभिन्न मार्गों से निकाले गए मार्च में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा व उसके अग्रिम संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पैदल मार्च टाउनहॉल से शुरू हुआ। सूरजपोल से बापूबाजार होकर कलेक्ट्री तक पहुंचे। यहां सभा को भाजपा नेताओं ने संबोधित किया।


कानून के समर्थन में जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून लाकर ऐतिहासिक काम किया है। यह बिल नागरिकता देने के लिए है, न कि लेने के लिए। इस बिल से किसी की भी नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दल लोगों की भावना भड़का रहे हैं। इस मामले को कांग्रेस ने पूरी तरह से सांप्रदायिक बना दिया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

सभा को भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र श्रीमाली, उपमहापोर पारस सिंघवी, पूर्व प्रदेश मंत्री प्रमोद सामर, आकाश वागरेचा, रजनी डांगी, गिर्वा प्रधान तख्तसिंह शक्तावत अतुल चण्डालिया ने संबोधित किया।

युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गजेंद्र भण्डारी ने बताया कि पैदल मार्च रैली टाउन हाॅल से प्रारम्भ होकर बापूबाजार, देहलीगेट, हाथीपोल, चेटक, कोर्ट चैराहा होते हुए कलक्टरी पर पहुंचा जहां पर जिलाधीश कार्यालय को ज्ञापन दिया गया।