जयपुर । विश्व की सबसे बड़ी ऊर्जा प्रदर्शनी ‘इलेक्रामा-2020‘ का आयोजन 18 जनवरी से 22 जनवरी 2020 तक इंडिया एक्सपोर्ट मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष के शो का विषय ‘एनर्जी ट्रांजिशन एंड न्यू टेक्नोलॉजी‘ होगा।
एक प्रेस वार्ता में इलेक्रामा-2020 के चेयरमैन अनिल साबू ने कहा, “इलेक्रामा भारतीय उद्योग, एसएमई और स्टार्ट अप्स के लिए बिजली के क्षेत्र में एक वैश्विक संपर्क प्लेटफाॅर्म है, और उच्च गुणवत्ता, अभिनव और प्रतिस्पर्धी उत्पादों के निर्माता के रूप में भारत की ताकत का प्रदर्शन करने का जरिया भी है। 60 देशों के 450 से अधिक विदेशी प्रदर्शकों सहित कुल 1300 से अधिक प्रदर्शक इसमें शामिल होते हैं। इनके साथ ही 650 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ 120 देशों के आगंतुक भी इलेक्रामा-2020 में भाग लेंगे और इस तरह यह इवेंट सही अर्थों में एक ग्लोबल प्लेटफॉर्म बनता है।”
इलेक्रामा के इस 14 वें संस्करण में अनेक नए कदम भी उठाए गए हैं, जिनमें प्रमुख हैं- महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए वूमेन इन पावर, लो वोल्टेज सेगमेंट के लिए ब्यूलेक और एसएसआई इकाइयों के लिए डीबीएसएम और एनएसआईसी पैवेलियन, आदि। साथ ही, विश्व उपयोगिता शिखर सम्मेलन, ईटेकनेक्स्ट, आरबीएसएम, रेल ऊर्जा, रिन्यूएबल एनर्जी और पावर पैवेलियन जैसे नियमित फीचर भी इस इवेंट में होंगे।
आईईईएमए के अध्यक्ष आर के चुघ ने कहा, ‘‘आईईईएमए का प्रमुख शो इलेक्रामा अपनी शुरुआत से ही उद्योग और अपने संबंधित क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप और प्रासंगिक साबित हुआ है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए आज इलेक्रामा विद्युत से संबंधित ईकोसिस्टम में प्रासंगिक चुनौतियों और समाधानों के साथ विश्व स्तर पर एक सबसे बड़ा मंच बन गया है। आज इलेक्रामा ब्रांड दुनिया को बिजली देने के लिए अद्वितीय चुनौतियों से जूझते हुए दुनियाभर की यूटिलिटीज, सरकारों, ईपीसी सलाहकारों, ठेकेदारों, बिजली के उपकरण निर्माताओं और जनरेटर कंपनियों की व्यापारिक जरूरतों को पूरा करने का काम करता है।”
उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य निकट भविष्य में निर्यात की अपनी वैश्विक हिस्सेदारी को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत करना है। निश्चित तौर पर इलेक्रामा का 14 वां संस्करण 60 से अधिक देशों के प्रदर्शकों और 120 से अधिक देशों के आगंतुकों को आकर्षित करेगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे