CCA के विरोध में पैदल मार्च, पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के किए पुख्ता इंतजाम, इंटरनेट सेवाएं रहेगी बंद

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 21 दिसम्बर 2019, 5:45 PM (IST)

जयपुर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विरोध में एक लाख से अधिक संख्या में जयपुर शहर में रविवार सुबह पैदल मार्च निकाला जाएगा। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाने के साथ ही यातायात को कई जगहों से डायवर्ट किया जाएगा।

एडि. कमिश्नर अजय पाल लाम्बा ने बताया कि नागारिकता संशोधन कानून के विरोध में सुबह करीब 10 बजे से 12 बजे के बीच पैदल मार्च निकाला जाएगा। जिसमें एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सुबह 9 बजे से एमडी रोड पर अजमेरी गेट से ट्रांसपोर्ट नगर, जेएलएन मार्ग पर गांधी सर्किल से अल्बर्ट हॉल और दिल्ली बाईपास पर चंदवाजी से ही यातायात को डायर्वट किया जाएगा।

जिससे यातायात का दबाव कम रहेगा। पैदल मार्च में शामिल होने वाले लोगों से ध्वनि प्रसार यंत्र उपयोग में नहीं लेने व जिस साधनों से वह यहां आए हैं उन्हें उपलब्ध कराई पार्किंग में खड़ा करने को कहा गया है।

दस हजार पुलिसकर्मी तैनात: एडि. कमिश्नर अजय पाल लाम्बा ने कहा है कि कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के साथ ही पुलिस मुख्यालय का जाब्ता तैनात रहेगा। दस हजार से अधिक पुलिसकर्मी की मौजूदगी में पैदल मार्च निकाला जाएगा। दस से अधिक आईपीएस अधिकारी जलसे पर नजर रखेंगे। क्यूआरटी व ईआरटी के जवानों के साथ ही 100 ड्रोन कैमरों की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।

इंटरनेट सेवाएं रहेंगी बाधित: CAA के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए इंटनेट सेवाएं बंद रखने का फैसला लिया गया है। जानकारी के अनुसार सुबह 06 बजे से रात 08 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। वहीं मेट्रो सेवाएं बाधित रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे