महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जयपुर में होगा विशाल युवा महोत्सव, मुख्य सचिव ने रूपरेखा तैयार करने के दिए निर्देश

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 20 दिसम्बर 2019, 9:16 PM (IST)

जयपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर 30 जनवरी को यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मुख्य आतिथ्य में विशाल युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य सचिव डीबी गुप्ता ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेकर उत्सव के सफल आयोजन की रूपरेखा तैयार की और तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।


मुख्य सचिव गुप्ता ने युवाओं के आवागमन, भोजन, विश्राम की व्यवस्था बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, चिकित्सा, पेयजल, सफाई, प्रचार-प्रसार, खेलकूद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी सहित विभिन्न उचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग नियत व्यवस्थाएं समय पर सम्पादित कर लें।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की शासन सचिव शुचि शर्मा ने बताया कि इस वर्ष महात्मा गांधी का 150वां जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। उसी क्रम में गांधीजी की पुण्यतिथि पर 30 जनवरी को सवाई मानसिंह स्टेडियम में विशाल युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 50 हजार प्रतिभागी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस उत्सव का उद्देष्य युवाओं को महात्मा गांधी के जीवन दर्शन से प्रेरित करना है ताकि समाज में व्याप्त दहेज प्रथा, बाल विवाह, जातिवाद, हिंसा, बंधुआ मजदूरी, मद्यपान, कन्या भ्रूण हत्या, मॉब लिंचिंग जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरूद्ध सक्रिय रूप से कार्य सकें और विभिन्न वर्गों को जागरूक बनाने में प्रभावी भूमिका निभा सके।

उन्होंने बताया कि उत्सव में तीरंदाजी, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो का आयोजन किया जाएगा। महात्मा गांधी के जीवन पर लघु फिल्म एवं उनके भजनों की प्रस्तुति तथा उनके चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही पाण्डालों में विभागों की ओर से विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में कॉलेज शिक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार बोरड़, जयपुर जिला कलक्टर जोगाराम, पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार सहित उत्सव से जुड़े विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे