प्रदेश के मजदूरों के हितों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 20 दिसम्बर 2019, 06:09 AM (IST)

जयपुर। श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली ने कहा है कि प्रदेश के मजदूरों के हितों की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि श्रम एवं कारखाना व बॉयलर्स विभाग द्वारा कड़ी मेहनत कर एक वर्ष में जो उपलब्धियां अर्जित की वह ऎतिहासिक है। हमें जरूरत इस बात की है कि श्रमिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की जरूरत है। इसके साथ ही उपकर से विभाग में पारदर्शिता आएगी।

श्रम राज्य मंत्री गुरूवार को यहां आरएसएलडीसी के सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस के 150 वर्ष पूर्ण होने पर श्रम विभाग एवं कारखान व बॉयलर्स विभाग द्वारा उपकर मार्गदर्शिका एवं मेन्युअल पुस्तिका का विमोचन करने के बाद विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न एसोसिएट के पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पूरा विश्व मानता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा ली और गरीबों व हर आमजन की बात आत्मीयता से सुनते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि एक वर्ष में विभाग द्वारा उपकर में जो उपलब्धियां अर्जित की है वह सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का फल है। उन्होंने बढ़ती हुई बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों से युवाओं को रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया ।

इस अवसर पर श्रम सचिव नवीन जैन ने 19 दिसम्बर के दिन का महत्व बताते हुए कहा कि आज के ही दिन स्वराज की घोषणा हुई थी तथा राज्य सरकार द्वारा एक वर्ष के अन्दर अनेक ऎतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की गयी है तथा श्रम विभाग आगे की ओर बढ़ा और उपकर और मेन्युअल आज के युग में बहुत ही कारगर है।

उन्होंने उपकर व मेन्युअल के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी इस क्रम में बैठक आयोजित कर आम जन में उपकर व मेन्युअल के बारे में जानकारी उपलब्ध कराये।

इस अवसर पर श्रम विभाग के आयुक्त डॉ0 समित शर्मा ने कहा कि देश व प्रदेश की नीति व योजनाएं गरीबो पर आधारित है। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए एक वर्ष में अर्जित की गई उपलब्धियाें के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर श्रम विभाग के सचिव नवीन जैन द्वारा लिखित पुस्तक महात्मा गांधी की पुस्तिका को श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली को भेंट की गयी।

समारोह में अतिरिक्त श्रम आयुक्त चन्द्रभान सिंह राठौड़, अति. आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव पंतजलि भू, संयुक्त श्रम आयुक्त राजीव सक्सेना, कारखाना व बॉयलेर्स विभाग के मुख्य निरीक्षक मुकेश जैन सहित विभिन्न एसोसियट के पदाधिकारी एवं श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे