सभी पंचायतों में बने खेल मैदान- राकेश कुमार प्रजापति

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 03 दिसम्बर 2019, 6:13 PM (IST)

धर्मशाला। जिलाधीश कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने विकास खण्ड सुलह स्थित भेडू महादेव में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और प्रगति का जायजा लिया। बैठक में सभी 55 पंचायतों के प्रधानों और पंचायत सचिवों, तकनीकी सहायकों, ग्राम रोजगार सेवकों से अलग-अलग बैठकें की।
प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार नशा निवारण के लिए गंभीर है और प्रदेश में 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक नशा निवारण माह के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रधानों से आहवान किया कि नशा उन्मूलन के कार्य को मिशन रूप में लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रत्येक पंचायत में खेल मैदानों का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि मैदानों के निर्माण और सुधार के विकास खण्ड के माध्यम से प्राकलन तैयार कर, उनके कार्यालय में जमा करवाए जाए, ताकि चरणबद्ध तरीके से धनराशि उपलब्ध करवाई जा सके।
उन्होंने सभी प्रधानों को वर्ष 2013 से 2018 तक विभिन्न मदों से जारी धनराशि को 31 मार्च तक व्यय करने का आह्वान किया। उन्होंने किसी कारणवश व्यय नहीं होने वाली धनराशि को अन्य कार्यों के लिए परिवर्तित करने अथवा वापस लौटाने की अपील की। इसके उपरांत उपायुक्त ने पंचायत सचिवों और तकनीकी सहायकों से पंचायत अनुसार प्लानिंग हैड में विकास योजनाओं के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों को आदेश दिए कि विकास योजनाओं के आवंटित धनराशि को शीघ्र व्यय किया जाए, ताकि लोगों को लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने विकास खण्ड सुलह के विकास कार्यों पर संतोष प्रकट करते हुए इसमें और तेजी लाने के आदेश दिए। उन्होंने पंचायत सचिवों और तकनीकी सहायकों को सुलह विकास खण्ड की सभी 55 पंचायतों में सुंदर खेल मैदान बनाने के लिए कार्य करने के आदेश दिए। बैठक में एसडीएम धीरा विकास जंवाल, खण्ड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार, पंचायत समिति के अध्यक्ष सुनील मेहता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे