किसानों को परंपरागत खेती का मोह त्याग कर पशुपालन की ओर कदम बढ़ाने चाहिए- सिंह

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 30 नवम्बर 2019, 5:29 PM (IST)

चंडीगढ़। केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन और डेयरी उद्योग मंत्री गिरीराज सिंह ने शनिवार को सोनीपत जिला के गांव दीपालपुर स्थित ‘फिल्डलेन पिग फार्म’ का निरीक्षण किया और उसके बाद किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को परंपरागत खेती का मोह त्याग कर पशुपालन की ओर कदम बढ़ाने चाहिए ताकि उनको अतिरिक्त आय हो सके। वैज्ञानिक तरीके से खेती को पशुपालन से जोड़ा जाए तो यह अत्यधिक लाभकारी है। कम होती जा रही जमीन से लाभ लेने के लिए पशुपालन सबसे बेहतरीन व्यवसाय है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार ने एक योजना की शुरुआत की है जो व्यक्ति दूध न देने वाले चार पशुओं को पालेगा उसे प्रति पशु 30 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे। इसी तर्ज पर केंद्र भी पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए योजना तैयार कर रहा है।
उन्होंने बताया कि इस योजना से दुधारू पशुओं के साथ अदूधारू पशुओं को पालने वाले पशुपालक किसानों को लाखों रुपए की बचत होगी। पशुपालन किसानों की रीढ़ है, जिसे और मजबूत करना होगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में सरकार को गेहूं चावल की तुलना में पशुपालन से अधिक मुनाफा मिला। जो किसान खेती के साथ पशुपालन करेगा वही खुशहाल होगा।
सिंह ने कहा कि आजादी के बाद शुरुआती दौर से ही कृषि व पशुपालन के लिए नीतियां बनाने की आवश्यकता थी किंतु इस ओर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ध्यान दिया है।
इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त सचिव डॉ. ओपी चौधरी समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे