विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 28 नवम्बर 2019, 4:07 PM (IST)

जयपुर। पंद्रहवी राज्य विधानसभा के तृतीय सत्र के पहले दिन गुरूवार को विधानसभा में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर एवं कैलाश जोशी, पूर्व सांसद राम जेठमलानी, राजस्थान विधानसभा के पूर्व सदस्य दिग्विजय सिंह, बृजेन्द्र सिंह सूपा, गोवर्धन कल्ला, फूलचंद मीणा, जीथिंग एवं झावरमल सूण्डा के प्रति संवदेना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं के प्रति शांति और उनके परिजनों को बिछोह सहन करने के लिए शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत व्यक्तियों द्वारा राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सेवाओं की सराहना की। जोशी ने दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वर्गीय स्वराज ग्यारहवीं, बारहवीं, पन्द्रहवीं तथा सोलहवीं लोकसभा की सदस्य रही, इस दौरान वे भारत सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, दूरसंचार मंत्रालय, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय में मंत्री रहीं। वे तीन बार राज्य सभा की सदस्य तथा लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता भी रही। स्वराज दो बार हरियाणा विधानसभा की सदस्य निर्वाचित हुई। वे दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री भी बनी। उन्होंने विदेशों में आयोजित विभिन्न सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अनेक सामाजिक के सांस्कृतिक संगठनों के विभिन्न पदों पर रहीं। उनका 6 अगस्त 2019 को निधन हो गया।डॉ. जोशी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय जगन्नाथ मिश्र के व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि मिश्र पांचवीं लोकसभा में बिहार के मधुबनी निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए, वे 1988 से 1994 तथा 1994 से 2000 तक राज्य सभा के सदस्य रहे। केन्द्रीय सरकार में कृषि, ग्रामीण विकास एवं रोजगार मंत्रालय के मंत्री रहे तथा संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे। स्वर्गीय मिश्र तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका 19 अगस्त 2019 को निधन हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय गौर दस बार मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। वे अगस्त 2004 से नवम्बर 2005 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। उन्हें वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश विधानसभा द्वारा ‘उत्कृष्ट सेवा सम्मान’ द्वारा सम्मानित किया गया। वे श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रयत्नशील रहे एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य भी रहे। उनका 21 अगस्त 2019 को निधन हो गया।
डॉ. जोशी ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के राजनीतिक जीवन पर चर्चा करते हुये कहा कि जोशी आठ बार मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे तथा जून 1977 से जनवरी 1978 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। वे चौदहवीं तथा पन्द्रहवीं लोकसभा तथा वर्ष 2000 से 2004 तक राज्य सभा के सदस्य भी रहे। वे मध्यप्रदेश सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। उनका 24 नवम्बर 2019 को निधन हो गया।विधानसभा अध्यक्ष ने पूर्व सांसद स्वर्गीय राम जेठमलानी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय जेठमलानी छठी तथा सातवीं लोकसभा के सदस्य तथा छह बार राज्य सभा के सदस्य रहे। वे जुलाई 2010 से जुलाई 2016 तक राजस्थान से राज्य सभा के सदस्य निर्वाचित हुए। स्वर्गीय जेठमलानी केन्द्रीय सरकार में विधि, न्याय तथा कम्पनी मामलों तथा शहरी कार्य तथा रोजगार मंत्रालयों के मंत्री रहे। वे बार कांउसिल ऑफ इंडिया तथा इंटरनेशनल बार एसोसिएशन सहित अनेक विधि संगठनों से सम्बद्ध रहे। उनका 8 सितम्बर 2019 को निधन हो गया।डॉ. जोशी ने राज्य के पूर्व मंत्री स्वर्गीय दिग्विजय सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे तीसरी, चौथी, छठी, आठवी, नौवीं तथा ग्यारहवीं राजस्थान विधानसभा में उनियारा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए। दीर्घ संसदीय अनुभव रखने वाले स्वर्गीय सिंह वर्ष 1978 से 1980 तथा वर्ष 1990 से 1992 तक राजस्थान सरकार में कृषि, गृह, पंचायतीराज, संसदीय कार्य सहित कई विभागों के मंत्री रहे। उनका 28 अक्टूबर 2019 को निधन हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ने पूर्व सदस्य बृजेन्द्र सिंह सूपा के संबंध में कहा कि स्वर्गीय सूपा आठवीं, दसवीं तथा ग्यारहवीं राजस्थान विधानसभा में बयाना निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए। उनका 11 अक्टूबर 2019 को निधन हो गया। डॉ. जोशी ने पूर्व सदस्य स्वर्गीय गोवर्धन कल्ला के बारे में कहा कि स्वर्गीय कल्ला ग्यारहवीं राजस्थान विधानसभा में जैसलमेर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए। विधानसभा कार्यकाल के दौरान वे पुस्तकालय समिति के सदस्य रहे। उनका 9 सितम्बर 2019 को निधन हो गया।विधानसभा अध्यक्ष ने पूर्व सदस्य स्वर्गीय फूलचंद मीणा के संबंध में कहा कि स्वर्गीय मीणा नौंवी तथा दसवीं राजस्थान विधानसभा में सलूम्बर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। विधानसभा के कार्यकाल के दौरान वे अनुसूचित जनजाति कल्याण समिति के सदस्य रहे। उनका 6 अगस्त 2019 को निधन हो गया।डॉ. जोशी ने विधानसभा के पूर्व सदस्य जीथिंग को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जीथिंग पांचवी तथा छठी राजस्थान विधानसभा मेें कुशलगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए। उनका 18 दिसम्बर 2018 को निधन हो गया। डॉ. जोशी ने पूर्व सदस्य स्वर्गीय झावरमल सूण्डा के संबंध में कहा कि वे पांचवी राजस्थान विधानसभा में फतेहपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। उनका 3 जून 2016 को निधन हो गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे