Jharkhand : कांग्रेस के घोषणापत्र में नौकरियों, कर्जमाफी व मेट्रो सहित कई लुभावने वादे

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 25 नवम्बर 2019, 09:56 AM (IST)

रांची। झारखंड कांग्रेस ने रविवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र (मेनिफेस्टो) जारी किया, जिसमें हर परिवार को नौकरियां, किसानों के लिए कर्जमाफी व रांची में मेट्रो रेल सहित कई लुभावने वादे किए गए हैं। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आर.पी.एन. सिंह ने राज्य इकाई के अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के साथ रांची के प्रेस क्लब में घोषणापत्र जारी किया।

सिंह ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि अगर राज्य में गठबंधन सरकार बनती है, तो सभी लंबित सरकारी रिक्तियों को छह महीने में भर दिया जाएगा। जब तक हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी नहीं दी जाती, तब तक एक सदस्य को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। घोषणापत्र में ज्यादातर नौकरियां महिलाओं को देने का वादा किया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

इसके साथ ही अकेली सफर करने वाली महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा, किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करने, रांची में मेट्रो लाइन, 10000 रुपए से कम की आय वाले परिवार की लड़कियों को मुफ्त में साइकिल, मॉब लिंचिंग के खिलाफ कड़ा कानून, धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2500 रुपए प्रति क्विंटल करने, पेट्रोल व डीजल पर वैट घटाने व हर ग्राम सभा में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के साथ दूसरे कई वादे किए गए। कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) व राजद के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ रही है। झामुमो, कांग्रेस व राजद क्रमश: 43, 31 व 7 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं।

(IANS)