बंगाल में 2 युवकों की पीटकर हत्या, 13 लोग गिरफ्तार

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 22 नवम्बर 2019, 8:29 PM (IST)

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में दो युवकों की लिंचिंग में कथित संलिप्तता के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी शुक्रवार को दी। आरोपियों को संदेह हुआ था कि दोनों युवक गौ-तस्कर है, जिस वजह से उन्होंने पीट-पीटकर दोनों की जान ले ली। कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक संतोष निम्बालकर ने फोन पर आईएएनएस से कहा, "13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।"

यह घटना कूचबिहार 1 प्रशासनिक ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र पुटिमरी-फुलेश्वरी ग्राम पंचायत क्षेत्र के केतारहाट में गुरुवार सुबह की है। अधिकारी ने कहा, स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को गौ-तस्कर के संदेह में पकड़ा था। उनकी बुरी तरह पिटाई की गई थी।

उन्होंने बताया कि प्रकाश दास (35) और रबीउल इस्लाम (40) पिकअप वैन से जा रहे थे। उस वैन में एक गाय थी। स्थानीय लोगों ने गाड़ी से उतरवाकर उनकी बेरहमी से पिटाई की और गाय को खुला छोड़ दिया। भीड़ ने वैन में आग भी लगा दी।

निम्बालकर ने बताया कि दोनों युवक कुछ महीनों पहले गौ-तस्करी के आरोप में गिरफ्तार भी हो चुके थे। प्रकाश माथाभांगा का रहने वाला था और रबीउल दिनहाटा का रहने वाला था। पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाया और कूचबिहार मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे