अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने बहादुरी और शौर्य की बेजोड़ मिसाल कायम की है : ओम बिरला

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 14 नवम्बर 2019, 5:42 PM (IST)

जयपुर/नई दिल्ली। लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि देश की आंतरिक सुरक्षा हो या सीमा सुरक्षा अथवा प्राकृतिक आपदा या अन्य विकट परिस्थितिया हो , इन सबमें अर्द्धसैनिक बल के जवानों ने बहादुरी और शौर्य की बेजोड़ मिसाल कायम की है। बिरला ने बुधवार को संसद के संसदीय ग्रंथालय भवन में आयोजित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 51वें बैच के नवनियुक्त अधिकारियों को सम्बोधित किया।

उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी बढ़ती भागीदारी से , बदलते भारत की तस्वीर दिखाई देती है। अपनी विशिष्ट कार्यक्षमताओं से इस अर्द्धसैनिक बल ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

बिरला ने देश के प्रति सीआरपीएफ की प्रतिबद्धता और समर्पण को असाधारण बताया और कहा कि आप पूरी लगन और बुद्धिमता से कार्य करते रहें। उन्होंने अर्द्धसैनिक बल के जवानों को अपनी शुभकामनाएं दी।

इससे पूर्व बिरला ने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आज भारत के प्रथम प्रधान मंत्री पं.जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।इस मौके पर पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी व अन्य वरिष्ठ नेतागण भी मौजूद थे।