अयोध्या पर फैसले से पहले दिल्ली पहुंच सकते हैं संघ प्रमुख भागवत

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 09 नवम्बर 2019, 05:14 AM (IST)

नई दिल्ली । अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के बहुप्रतीक्षित फैसले से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत दिल्ली पहुंच सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट से जो भी फैसला आएगा, उसे स्वीकार करने के लिए वह देश को संबोधित भी कर सकते हैं। यह जानकारी संघ के भरोसेमंद सूत्रों ने दी है।

अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले को लेकर पिछले दस दिनों से संघ के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली के उदासीन आश्रम में डेरा डाल रखा है। यहीं से संघ के शीर्ष नेतृत्व की ओर से देश में सांप्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने के लिए जगह-जगह समन्वय बैठकों का निर्देशन चल रहा है। संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल लगातार मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ समन्वय बैठक कर रहे हैं।

अयोध्या पर इस फैसले को लेकर संघ के स्वयंसेवकों ने देश भर में मोर्चा संभाल रखा है। जगह-जगह शांति और समन्वय समिति की बैठकें की जा रहीं हैं। मुस्लिम संगठनों के साथ भी संघ से जुड़े संगठनों के पदाधिकारी बैठकें कर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाने मे जुटे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि फैसले के बाद देश भर में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और अन्य रणनीतियों पर चर्चा के लिए शनिवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत दिल्ली में दस्तक दे सकते हैं।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे