भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शनिवार को झारखंड के लिए तय होंगे उम्मीदवार

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 08 नवम्बर 2019, 8:12 PM (IST)

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक यहां शनिवार शाम साढ़े छह बजे होगी। इस बैठक के बाद भाजपा झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। हालांकि, बैठक देर रात तक चल सकती है, लिहाजा सूची अगले दिन रविवार से सोमवार तक जारी की जा सकती है। 11 सदस्यीय केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, थावर चंद गहलोत, शिवराज सिंह चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, जुअल ओराम, शहनवाज हुसैन, विजय रहाटकर मौजूद रह सकते हैं।

राज्य की कुल 81 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित होने हैं। भाजपा को अपने सहयोगियों आजसू और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ भी सीटों का बंटवारा करना है। आजसू एक दर्जन से अधिक सीटें मांग रही है तो राम विलास पासवान की पार्टी लोजपा आधा दर्जन सीटें चाह रही है। गुरुवार को भाजपा के शीर्ष नेताओं के स्तर से हुई बैठकों में सीटों के बंटवारे पर चर्चा हो चुकी है। हालांकि अभी सीटों के बंटवारे की कोई घोषणा नहीं हुई है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर के दिल्ली स्थित आवास पर बीते गुरुवार को झारखंड कोर कमेटी की बैठक हुई थी। इसके बाद देर रात तक भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के आवास पर भी बाद में मुख्यमंत्री रघुबर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा आदि की मौजूदगी में बैठक चली।

सूत्र बताते हैं कि इन दोनों बैठकों में सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई है। अब शनिवार शाम होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अंतिम तौर पर प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगेगी, जिसके बाद सूची जारी होगी।

--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे